
धमतरी l अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे में कथित चोरी एवं वित्तीय अनियमितताओं के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी धमतरी शहर ने मंगलवार को घड़ी चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर आयोजित इस प्रदर्शन का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष योगेश शर्मा ने किया, जबकि जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर के निर्देश पर बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में सीबीआई अथवा स्वतंत्र फॉरेंसिक ऑडिट से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। साथ ही राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पुनर्गठन की भी मांग उठाई गई।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने कहा कि भगवान श्रीराम पूरे देश की आस्था के प्रतीक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चढ़ावे की राशि में कथित अनियमितताओं से करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। उनका कहना था कि उत्तर प्रदेश सरकार की एसआईटी केवल निचले स्तर के कर्मचारियों पर कार्रवाई कर रही है, जबकि पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष योगेश शर्मा ने कार्यक्रम का संचालन किया। प्रदर्शन में पूर्व विधायक लेखराम साहू, मोहन लालवानी, शरद लोहाना, विपिन साहू, अरविंद दोषी, सलीम रोकड़िया, नरेश जसूजा, आलोक जाधव, नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, पार्षद एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।






