
पार्षद निलेश लूनिया बोले- स्वच्छता ही बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय
धमतरी। सदर उत्तर वार्ड के भगत चौक और नूरानी चौक में महिला आरोग्य समितियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में वार्ड की स्वच्छता व्यवस्था, बरसात के मौसम में फैलने वाली बीमारियों की रोकथाम तथा जन-जागरूकता अभियान को प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए सदर उत्तर वार्ड के पार्षद निलेश लूनिया ने महिलाओं से नालियों में कचरा नहीं डालने और अपने आसपास का वातावरण स्वच्छ रखने की अपील की। उन्होंने महिला आरोग्य समिति की सदस्यों से घर-घर जाकर लोगों को स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में उल्टी, दस्त सहित अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे समय में प्रत्येक महिला की जिम्मेदारी है कि वह अपने क्षेत्र के लोगों को स्वच्छता, साफ पेयजल के उपयोग, कचरे के उचित निस्तारण और नालियों की नियमित सफाई के प्रति प्रेरित करे, ताकि वार्ड में बीमारियों का फैलाव रोका जा सके।
बैठक में नूरानी चौक महिला आरोग्य समिति की अध्यक्ष दर्शन सोनी, सचिव सावित्री साहू, भगत चौक महिला आरोग्य समिति की अध्यक्ष रेणू साहू और सचिव कौशल्या यादव सहित दोनों समितियों की सभी महिला सदस्य उपस्थित रहीं। सभी ने वार्ड में स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान को और प्रभावी ढंग से चलाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर कांता, प्रतिमा, दूज दीदी, पद्मिनी, चम्पेश्वरी, बुन्देश्वरी, कौशल्या, रेणू साहू, शकुन यादव, सावित्री, अनुसूया, दसारी बाई, परमेश्वरी, जीतू पटेल, नजमा, हेमलता, रेखा, खिलेश्वरी, टिकेश्वरी सहित अन्य महिलाएं मौजूद रहीं।






