
धमतरी | नगर निगम धमतरी के महापौर श्री रामू रोहरा ने मराठापारा एवं बांसपारा वार्ड से माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए रवाना हो रही 35 मातृशक्ति महिलाओं दल को हरी झंडी दिखाकर शुभ यात्रा के लिए रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी श्रद्धालु महिलाओं को सफल, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए माता रानी से सभी के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली की कामना की। महापौर श्री रामू रोहरा ने कहा कि माता वैष्णो देवी की यात्रा आस्था, श्रद्धा एवं विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक ऊर्जा, सकारात्मक सोच तथा आपसी भाईचारे को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने सभी यात्रियों से सुरक्षित यात्रा करने एवं माता रानी का आशीर्वाद लेकर सकुशल लौटने की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मक्केश्वर वार्ड की पार्षद श्रीमती आशा लोधी ने भी सभी मातृशक्ति महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि माता वैष्णो देवी की कृपा सभी श्रद्धालुओं पर बनी रहे तथा उनकी यात्रा सुखद, सुरक्षित और सफल हो। उन्होंने सभी महिलाओं के उज्ज्वल जीवन, परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगल की कामना की। रवानगी के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह एवं भक्ति का माहौल देखने को मिला। माता रानी के जयकारों के बीच सभी महिलाएं श्रद्धापूर्वक अपनी धार्मिक यात्रा के लिए रवाना हुईं। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने भी उपस्थित होकर यात्रियों को शुभकामनाएं दीं।






