
धमतरी: खेलों से जुड़ेंगे युवा तो नशे से रहेंगे दूर, कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने व्यायाम शिक्षकों को दिए निर्देश
धमतरी। जिले के स्कूलों में खेल गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने, व्यायाम शिक्षकों के कार्यों की समीक्षा करने तथा आगामी कार्ययोजना तैयार करने के उद्देश्य से कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिले के व्यायाम शिक्षकों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कलेक्टर ने सभी व्यायाम शिक्षकों से उनके विद्यालयों में संचालित खेल गतिविधियों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के कई व्यायाम शिक्षक खेलों को बढ़ावा देने के लिए सराहनीय कार्य कर रहे हैं, जबकि कुछ शिक्षक केवल औसत प्रयास कर रहे हैं। वहीं कुछ विद्यालयों में व्यायाम शिक्षकों की सक्रियता की कमी के कारण विद्यार्थी खेल गतिविधियों से पर्याप्त रूप से नहीं जुड़ पा रहे हैं।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि यदि युवा खेलों से जुड़ेंगे तो वे नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहेंगे। खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और लक्ष्य प्राप्त करने की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने सभी व्यायाम शिक्षकों को निर्देशित किया कि सप्ताह में कम से कम दो से तीन दिन नियमित रूप से विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों में शामिल करें, ताकि उनका शारीरिक, मानसिक और व्यक्तित्व विकास सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यालय में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उनका लक्ष्य निर्धारित किया जाए तथा उन्हें जिला, संभाग, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए व्यवस्थित रूप से तैयार किया जाए। इसके साथ ही विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को व्यायाम शिक्षकों के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने स्कूलों में उपलब्ध खेल सामग्री और खेल मैदानों की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराने, खेल मैदानों का समतलीकरण कराने तथा आवश्यक मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव हैं। खेलों से जुड़ने वाले युवा अनुशासित बनते हैं और समाज की बुराइयों से दूर रहते हैं। इसलिए सभी व्यायाम शिक्षक पूरी जिम्मेदारी और सक्रियता के साथ विद्यालयों में नियमित खेल गतिविधियां संचालित करें। साथ ही बच्चों के लिए बेहतर खेल मैदान और आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मधुलिका तिवारी, एसडीएम धमतरी पीयूष तिवारी, सहायक संचालक शिक्षा यदुनंदन वर्मा, सहायक खेल अधिकारी जे.पी. देव सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं जिले के व्यायाम शिक्षक उपस्थित रहे।






