धमतरी जिला अस्पताल में अव्यवस्थाओं का शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने किया निरीक्षण, 15 दिन में सुधार नहीं हुआ तो घेराव की चेतावनी

3

धमतरी जिला अस्पताल में अव्यवस्थाओं पर शहर ब्लॉक कांग्रेस का निरीक्षण, 15 दिन में सुधार नहीं हुआ तो घेराव की चेतावनी

धमतरी। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने भारी बारिश के बीच जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कई तरह की अव्यवस्थाएं सामने आने का दावा करते हुए कांग्रेस नेताओं ने 15 दिनों के भीतर व्यवस्थाएं सुधारने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि सुधार नहीं होने पर मुख्य जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) का घेराव किया जाएगा।

ब्लॉक अध्यक्ष गौतम वाधवानी, जिला महामंत्री विक्रांत पवार, गीतराम सिन्हा, हितेश गंगवीर, वीरू महाजन, भागी ध्रुव, शंकर माखीजा, यश राजपूत, नवीन सिन्हा और खिझर खान ने बताया कि पहली ही बारिश में अस्पताल की छतों से पानी टपकने लगा, जिससे अस्पताल प्रबंधन की तैयारियों पर सवाल खड़े होते हैं।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जिला अस्पताल में 21 विशेषज्ञ डॉक्टरों के स्वीकृत पदों के मुकाबले केवल 7 विशेषज्ञ डॉक्टर कार्यरत हैं। सर्जरी, मेडिसिन और नाक-कान-गला (ईएनटी) जैसे महत्वपूर्ण विभागों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल में केवल एक ही इमरजेंसी डॉक्टर होने से गंभीर मरीजों के उपचार पर असर पड़ रहा है।

निरीक्षण के दौरान सोनोग्राफी, एक्स-रे और सीटी स्कैन कक्ष बंद मिले। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि आपातकालीन स्थिति में मरीजों को निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ सकता है। अस्पताल में मौजूद कर्मचारियों ने जांच टीम को बताया कि दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक लंच ब्रेक रहता है। इस पर कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाते हुए कहा कि सरकारी अस्पताल में इतना लंबा अवकाश मरीजों के हित में नहीं है।

कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि निरीक्षण के दौरान कोई जिम्मेदार अधिकारी अस्पताल में मौजूद नहीं मिला। उन्होंने शासन-प्रशासन से जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार की मांग करते हुए कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर स्थिति नहीं सुधरी तो मुख्य जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी का घेराव किया जाएगा।