33 वर्षों की गौरवपूर्ण सेवा के बाद श्रीमती सरोज प्रसाद को भावभीनी विदाई

5

धमतरी। बी.सी.एस. शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, धमतरी में सहायक प्राध्यापक (गृह विज्ञान) श्रीमती सरोज प्रसाद के सेवा निवृत्त होने पर भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. व्ही.के. पाठक ने श्रीफल एवं शॉल भेंटकर उनका सम्मान किया।
इस अवसर पर श्रीमती रीता लकरा, सहायक प्राध्यापक (गृह विज्ञान) ने अभिनंदन पत्र का वाचन करते हुए श्रीमती सरोज प्रसाद के शैक्षणिक एवं सेवाकाल का संक्षिप्त परिचय प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि श्रीमती सरोज प्रसाद का जन्म 1 जुलाई 1961 को मध्यप्रदेश के जिला सागर अंतर्गत ग्राम रहली में हुआ। प्रारंभिक शिक्षा रहली, जबलपुर एवं हैदराबाद में प्राप्त करने के पश्चात उन्होंने भिलाई से उच्च शिक्षा अर्जित की।
वर्ष 1993 में उन्होंने बी.सी.एस. शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, धमतरी में सहायक प्राध्यापक के रूप में अपनी सेवाएं प्रारंभ कीं तथा 30 जून 2026 तक सतत रूप से महाविद्यालय में सेवाएं प्रदान करती रहीं। अपने 33 वर्षों के सेवाकाल में उन्होंने महाविद्यालय के अनेक दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन किया। गृह विज्ञान विभाग की विभिन्न गतिविधियों में उन्होंने सदैव विद्यार्थियों का मार्गदर्शन एवं प्रेरणा की, जिसके परिणामस्वरूप विभाग के स्नातकोत्तर विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय की प्रावीण्य सूची में लगातार अपना स्थान बनाया।
कार्यक्रम में डॉ. हेमवती ठाकुर, प्राध्यापक (इतिहास) ने श्रीमती सरोज प्रसाद के भावुक स्वभाव एवं उदार व्यक्तित्व की सराहना की। वहीं डॉ. सरला द्विवेदी ने उनके स्नेही एवं विनोदप्रिय स्वभाव का स्मरण करते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. तामेश्वरी साहू, सहायक प्राध्यापक (अर्थशास्त्र) ने किया। उन्होंने श्रीमती सरोज प्रसाद के उज्ज्वल, निरोग एवं सुखद जीवन के लिए शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी 33 वर्षों की लंबी सेवा अवधि महाविद्यालय के लिए सदैव अविस्मरणीय रहेगी।
इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टाफ, विद्यार्थी तथा श्रीमती सरोज प्रसाद के परिजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में डॉ. वेदवती देवांगन, श्रीमती जयश्री पंचांगम, श्रीमती ग्रेस कुजूर, श्री के.पी. कोसिमा, श्री अमर सिंह साहू, श्री खेदूराम भारती, श्री दुर्गेश प्रसाद, श्री दूजराम टंडन, रजिस्ट्रार श्री परमानंद भोई, श्रीमती दीपा रजक, कु. तनुजा साहू एवं श्रीमती चन्द्रकिरण श्रीवास्तव सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। सभी ने श्रीमती सरोज प्रसाद के महाविद्यालय में दिए गए उल्लेखनीय योगदान को अविस्मरणीय बताते हुए उनके सुखद, स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।