
धमतरी । जिले में राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ रविवार को शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, ईतवारी बाजार से किया गया। महापौर जगदीश रामूरोहरा ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यू.एल. कौशिक ने बताया कि अभियान के पहले ही दिन जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए निर्धारित लक्ष्य का 92 प्रतिशत हासिल कर लिया। जिले में कुल 1,01,734 बच्चों को पोलियो की जीवनरक्षक खुराक पिलाई गई।
विकासखंडवार टीकाकरण की स्थिति
गुजरा – 22,623 बच्चे
नगरी – 22,651 बच्चे
कुरूद – 27,819 बच्चे
मगरलोड – 15,360 बच्चे
धमतरी शहरी क्षेत्र – 13,281 बच्चे
बूथों से लेकर ट्रांजिट पॉइंट तक चला अभियान
सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक जिलेभर के पोलियो बूथों, आंगनबाड़ी केंद्रों, पंचायत भवनों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं चयनित विद्यालयों में बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। वहीं प्रमुख चौक-चौराहों और आवागमन वाले स्थानों पर तैनात ट्रांजिट टीमों ने यात्रा कर रहे बच्चों का भी टीकाकरण किया। टीकाकरण के बाद प्रत्येक बच्चे की बाईं हाथ की छोटी उंगली पर इंडेलिबल मार्कर से निशान लगाया गया।
सभी पालकों से की अपील
डॉ. यू.एल. कौशिक ने कहा कि जिन बच्चों को पहले दिन पोलियो की खुराक नहीं मिल सकी है, उन्हें आगामी घर-घर भ्रमण अभियान के दौरान स्वास्थ्य दलों को अवश्य उपलब्ध कराएं, ताकि जिले का कोई भी पांच वर्ष से कम आयु का बच्चा पोलियो की जीवनरक्षक खुराक से वंचित न रहे।






