रिसाई पारा पूर्व वार्ड से पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, पार्षद मेघराज ठाकुर ने बच्चों को पिलाई दो बूंद जिंदगी की

4

धमतरी। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को रिसाई पारा पूर्व वार्ड स्थित नागेश्वर मंदिर प्रांगण में अभियान का शुभारंभ किया गया। वार्ड पार्षद मेघराज ठाकुर ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की।

अभियान के दौरान पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो से सुरक्षा प्रदान करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बूथों के साथ-साथ घर-घर जाकर भी बच्चों को दवा पिलाई। इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता नसरीन बानो, मितानिन सालनी चौधरी, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

पार्षद मेघराज ठाकुर ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक अभिभावक का सहयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी माता-पिता से अपने पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि “पोलियो की सिर्फ दो बूंदें बच्चों के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की गारंटी हैं। किसी भी बच्चे को इस जीवनरक्षक खुराक से वंचित नहीं रहने देना चाहिए। सभी के सहयोग से ही पोलियो मुक्त भारत का संकल्प साकार होगा।”