मछली व्यवसायी की चाकू से गोदकर हत्या, फरार हुए हमलावर

19

साथी की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर किया हमला, नगरी-गरियाबंद मार्ग पर देर शाम वारदात

धमतरी। नगरी-गरियाबंद मार्ग पर शनिवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात में मछली व्यवसायी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने वारदात के दौरान उसके साथी की आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया, जिससे वह जान बचाकर भाग निकला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हमलावर नगदी भी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान विपलभ मंडल (करीब 55 वर्ष), पिता मनोरंजन मंडल, मूल निवासी कोलकाता के रूप में हुई है। वह पिछले 7-8 वर्षों से जिला गरियाबंद के ग्राम बोईरगांव दर्रीपारा में रहकर अपने साथी चुम्मन यादव के साथ नगरी में ‘एमएम फिश’ नाम से मछली दुकान संचालित करते थे।
बताया जा रहा है कि शनिवार शाम दुकान बंद कर दोनों बाइक से नगरी से अपने गांव लौट रहे थे। गोरेगांव से करीब तीन किलोमीटर आगे गरियाबंद मार्ग पर पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले विपलभ मंडल के सिर पर लकड़ी से हमला किया और चुम्मन यादव की आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया। इससे चुम्मन किसी तरह जान बचाकर बोईरगांव की ओर भाग निकला।
इसके बाद हमलावरों ने विपलभ मंडल पर चाकू जैसे धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर रूप से घायल व्यवसायी को तत्काल नगरी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद हमलावर नगदी भी लेकर फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। प्रारंभिक तौर पर मामला लूटपाट या पुरानी रंजिश से जुड़ा माना जा रहा है, लेकिन हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आरोपियों की तलाश की जा रही है। इस जघन्य हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।