
मधुरिमा गुरुकुल कौशल विकास संस्थान के प्रथम बैच के फेयरवेल व प्रमाण पत्र वितरण समारोह में चयनित छात्राओं को सौंपे गए अपॉइंटमेंट लेटर
धमतरी। ग्राम कोलियारी स्थित मधुरिमा गुरुकुल कौशल विकास संस्थान के प्रथम बैच के फेयरवेल एवं प्रमाण पत्र वितरण समारोह का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में असिस्टेंट ब्यूटी थैरेपिस्ट (बैच-01) की प्रशिक्षार्थी बालिकाओं को प्रशिक्षण पूर्ण होने पर प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। समारोह में भाजपा मंडल गंगरेल अध्यक्ष एवं जिला पंचायत धमतरी की सभापति (महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विभाग) श्रीमती मोनिका ऋषभ देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद प्रशिक्षण पूर्ण करने वाली छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
समारोह के दौरान संस्थान की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि भी सामने आई। असिस्टेंट ब्यूटी थैरेपिस्ट प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली छह बालिकाओं का चयन अहमदाबाद स्थित प्रतिष्ठित बोनांजा सैलून में रोजगार के लिए हुआ है। चयनित छात्राओं को कार्यक्रम में ही अपॉइंटमेंट लेटर सौंपे गए। इस उपलब्धि पर अतिथियों, अभिभावकों और संस्थान परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।
मुख्य अतिथि श्रीमती मोनिका ऋषभ देवांगन ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान दौर में कौशल विकास युवाओं, विशेषकर बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने का सबसे सशक्त माध्यम बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि केवल शैक्षणिक डिग्री ही नहीं, बल्कि व्यवहारिक कौशल भी सफलता की कुंजी है। संस्थान द्वारा युवतियों को प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार से जोड़ने का कार्य सराहनीय है।
उन्होंने कहा, “आज का दिन केवल प्रमाण पत्र वितरण का नहीं, बल्कि बेटियों के सपनों को नई उड़ान देने का दिन है। छह युवतियों का अहमदाबाद के प्रतिष्ठित बोनांजा सैलून में चयन इस बात का प्रमाण है कि मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन से सफलता अवश्य मिलती है। आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।”
उन्होंने प्रशिक्षार्थियों से निरंतर सीखते रहने, आत्मविश्वास बनाए रखने और अपने कौशल का उपयोग समाज एवं राष्ट्र निर्माण में करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक युवा अपनी प्रतिभा को पहचानकर उसे अवसरों में बदलने का प्रयास करे, तभी वास्तविक सफलता प्राप्त होगी।
कार्यक्रम में संस्थान की संस्थापिका सुनीता केला, प्रशिक्षक विश्वेंद्र प्रताप सिंह, वरुण, निधि, मधुरिमा परिवार के सदस्य, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षार्थी उपस्थित रहे। अंत में सभी सफल छात्राओं एवं नियुक्ति प्राप्त करने वाली बालिकाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।






