महापौर रामू रोहरा ने डाक बंगला वार्ड में 44 लाख रुपये की लागत से मुक्तिधाम विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य का भूमिपूजन

4

धमतरी | नगर पालिक निगम धमतरी के अंतर्गत डाक बंगला वार्ड में नागरिक सुविधाओं के विस्तार एवं सार्वजनिक स्थलों के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए 44 लाख रुपये की लागत से मुक्तिधाम विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य का विधिवत भूमिपूजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि महापौर श्री रामू रोहरा एवं विशिष्ट अतिथि लोक निर्माण विभाग के सभापति श्री विजय मोटवानी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर श्री रामू रोहरा ने कहा कि मुक्तिधाम केवल एक सार्वजनिक स्थल नहीं, बल्कि लोगों की भावनाओं और आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थान है। इसलिए इसकी सुव्यवस्थित व्यवस्था, स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण आवश्यक है। नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि इस विकास कार्य के पूर्ण होने के बाद मुक्तिधाम में आने वाले लोगों को अधिक सुविधाजनक एवं स्वच्छ वातावरण प्राप्त होगा। परिसर में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के साथ सौंदर्यीकरण कार्य भी किया जाएगा, जिससे स्थल की गरिमा और उपयोगिता दोनों में वृद्धि होगी। विशिष्ट अतिथि एवं लोक निर्माण विभाग के सभापति श्री विजय मोटवानी ने कहा कि नगर निगम द्वारा जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति दी जा रही है। मुक्तिधाम का विकास एवं सौंदर्यीकरण क्षेत्र के नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। इससे वार्डवासियों को बेहतर सुविधा मिलने के साथ-साथ क्षेत्र का समग्र विकास भी सुनिश्चित होगा।

भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने विकास कार्य के लिए महापौर एवं नगर निगम प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उपस्थित लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि यह कार्य पूर्ण होने के बाद मुक्तिधाम की व्यवस्था और स्वरूप में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा। इस अवसर पर पार्षद सुमन सोमेश मेश्राम, विशु देवांगन, कुशल देवांगन, पुरुषोत्तम देवांगन,नारायण देवांगन, पवन गजेंद्र, संतोष देवांगन,मनोज दुबे,प्रहलाद मंडावी सहित जनप्रतिनिधि, वार्डवासी एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन विकास कार्य के सफल एवं समयबद्ध क्रियान्वयन की कामना के साथ हुआ।