चन्द्रनाहू कुर्मी-क्षत्रिय समाज के केंद्रीय अधिवेशन में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, बच्चों को कराया स्वर्ण प्राशन

1

धमतरी । छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रविवार को धमतरी जिले के ग्राम छाती स्थित कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित चन्द्रनाहू (चंद्राकर) कुर्मी-क्षत्रिय समाज के केंद्रीय अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया तथा बच्चों को स्वर्ण प्राशन संस्कार कराया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों में किए जाने वाले 16 प्रमुख संस्कारों में स्वर्ण प्राशन स्वास्थ्य की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। उन्होंने बताया कि आधुनिक चिकित्सा पद्धति में बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और विभिन्न बीमारियों से बचाव के लिए जिस प्रकार वैक्सीन का उपयोग किया जाता है, उसी प्रकार आयुर्वेद में वैदिक काल से स्वर्ण प्राशन संस्कार की परंपरा रही है। यह एक प्रकार की आयुर्वेदिक प्रतिरक्षण (इम्यूनाइजेशन) प्रक्रिया है, जो बच्चों की रोगों से लड़ने की क्षमता को बढ़ाने में सहायक मानी जाती है।
कार्यक्रम में कुरूद विधायक अजय चंद्राकर, महासमुंद के पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर, पूनम चंद्राकर, समाज के अध्यक्ष दिनेश चंद्राकर सहित समाज के पदाधिकारी, प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। अधिवेशन में समाज की एकता, सामाजिक विकास और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण पर भी चर्चा की गई।