रुद्री पुलिस लाइन के आगे सड़क हादसा: तीन लोग घायल, राहगीरों की तत्परता से मिली समय पर मदद

35

गंगरेल से नवागांव लौट रहे युवक-युवती की बाइक को पीछे से आई बाइक ने मारी टक्कर, सभी घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी

धमतरी। रुद्री पुलिस लाइन के आगे सोमवार को हुए सड़क हादसे में तीन लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार गंगरेल से अपने घर नवागांव (कंडेल) लौट रहे तेजप्रकाश महर और मोनिका बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे बाइक सवार हेमलाल निषाद ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। उसी समय वहां से गुजर रहे फ्रीडम एकेडमी के शिक्षक लोकेश साहू ने मानवता का परिचय देते हुए तुरंत घायलों की सहायता की और आवश्यक मदद के लिए संपर्क किया।
घटना की सूचना मिलते ही वरदान परामर्श एंबुलेंस सेवा समिति के शिवा प्रधान एवं कमल साहू सक्रिय हुए और एंबुलेंस को तत्काल मौके पर भेजा गया। एंबुलेंस के पहुंचने के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल धमतरी पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
स्थानीय लोगों ने समय पर सहायता उपलब्ध कराने वाले सभी सहयोगियों की सराहना की। लोगों का कहना है कि दुर्घटना के बाद शुरुआती कुछ मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं और ऐसे समय में संवेदनशील नागरिकों की तत्परता कई बार जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
सड़क सुरक्षा को लेकर अपील
सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की गई है।
मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है।