रुद्री में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान, लोगों ने ली नशा छोड़ने की शपथ

1

धमतरी। जिला प्रशासन एवं कलेक्टर के मार्गदर्शन में समाज कल्याण विभाग द्वारा इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, आस्था मंच, जय छत्तीसगढ़ महतारी सेवा संस्था, एक्जैक्ट फाउंडेशन, पी.जी. कॉलेज एनसीसी टीम, पुणे वेलफेयर फाउंडेशन, फ्रीडम फाइटर्स एवं अन्य सामाजिक संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में रुद्रेश्वर घाट और रुद्री चौक में नशा मुक्ति जनजागरूकता अभियान आयोजित किया गया।

अभियान के दौरान जागरूकता रैली निकालकर नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से शपथ ली कि वे स्वयं नशा नहीं करेंगे और दूसरों को भी नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करेंगे।

वक्ताओं ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए घातक है। इससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ती हैं, पारिवारिक विघटन होता है और सामाजिक अपराधों में वृद्धि होती है। इसलिए सभी नागरिकों को नशे से दूर रहकर समाज को जागरूक बनाने में योगदान देना चाहिए।

कार्यक्रम में “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो”, “स्वस्थ युवा, सशक्त भारत” और “नशा मुक्त समाज ही विकसित समाज की पहचान है” जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को प्रेरित किया गया। सभी सामाजिक संस्थाओं ने नशा मुक्त भारत के निर्माण के लिए लगातार जनजागरूकता अभियान चलाने का संकल्प भी लिया।