
पेट्रोलिंग के दौरान मिली लावारिस महिला, अर्जुनी पुलिस की तत्परता से सकुशल पहुंची अपने परिवार तक
मानवीय पुलिसिंग का उदाहरण – तीन दिन से घर से भटकी हुई महिला को परिजनों को किया सुपुर्द
धमतरी | पुलिस अधीक्षक धमतरी श्री सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिले में आमजन की सुरक्षा एवं सहायता के लिए लगातार प्रभावी पेट्रोलिंग एवं जनसेवा संबंधी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में थाना अर्जुनी पुलिस द्वारा एक संवेदनशील एवं सराहनीय कार्यवाही करते हुए भटकी हुई महिला को उसके परिजनों से मिलाया गया। थाना अर्जुनी पुलिस द्वारा नियमित पेट्रोलिंग के दौरान ग्राम अमेठी क्षेत्र में एक महिला संदिग्ध अवस्था में भटकते हुए मिली। पेट्रोलिंग कर रहे सहायक उप निरीक्षक रामसिंह साहू एवं आरक्षक संजय ठाकुर द्वारा महिला से पूछताछ की गई। पूछताछ में महिला ने अपना नाम श्रीमती दशोदा बाई नेताम, पति खिलावन नेताम, निवासी ग्राम टेकापाल, जिला बालोद बताया। महिला की मानसिक स्थिति अस्वस्थ प्रतीत होने पर पुलिस द्वारा धैर्यपूर्वक एवं मानवीय संवेदनशीलता के साथ जानकारी एकत्र की गई। पूछताछ में पता चला कि महिला लगभग तीन दिनों से अपने घर से निकलकर भटक रही थी। काफी पूछताछ एवं समझाइश के बाद महिला द्वारा अपने भाई हेम कुमार नेताम के पलारी में निवासरत होने की जानकारी दी गई। अर्जुनी पुलिस ने तत्काल उनसे संपर्क स्थापित कर परिजनों को सूचना दी। सूचना प्राप्त होने पर महिला के भाई हेम कुमार नेताम एवं उनके भतीजे थाना पहुंचे। पहचान एवं आवश्यक सत्यापन उपरांत महिला को सकुशल उनके सुपुर्द किया गया। परिजनों ने महिला को सुरक्षित खोजकर परिवार से मिलाने हेतु अर्जुनी पुलिस एवं सउनि. रामसिंह साहू एवं आरक्षक संजय ठाकुर एवं धमतरी पुलिस का आभार व्यक्त किया। यह कार्यवाही धमतरी पुलिस की संवेदनशील, जनसेवा एवं मानवता के प्रति प्रतिबद्ध कार्यशैली को प्रदर्शित करती है। पुलिस अधीक्षक धमतरी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार बनाए रखते हुए जरूरतमंद व्यक्तियों की हरसंभव सहायता करने के निर्देश दिए हैं।






