ऐश्वर्या और नन्ही शिवान्या की स्नेहिल सहभागिता से आयोजित शीतल मठा सेवा

22

मायके की ममता, ससुराल के संस्कार और सेवा का सुंदर संगम

धमतरी | निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर तपती गर्मी में राहगीरों को शीतलता एवं राहत प्रदान करने के उद्देश्य से शीतल मठा सेवा का आयोजन किया गया। सेवा, दान, संवेदनशीलता एवं मानवता की भावना को समर्पित इस आयोजन में बड़ी संख्या में राहगीरों ने शीतल एवं स्वास्थ्यवर्धक मठे का आनंद लिया तथा सेवा भाव की सराहना की। धार्मिक मान्यता के अनुसार निर्जला एकादशी पर जल सेवा, शीतल पेय वितरण एवं जरूरतमंदों की सहायता का विशेष महत्व माना गया है। इसी पुण्य भावना के साथ यह सेवा कार्य आयोजित किया गया।
इस अवसर पर उज्जैन (म.प्र.) निवासी प्रवीण एवं श्रीमती नीता खंडेलवाल परिवार के संस्कारों और प्रेरणा से उनकी बहू ऐश्वर्या खंडेलवाल ने अपने मायके धमतरी आकर राहगीरों के लिए यह सेवा कार्य किया। ऐश्वर्या, अशोक खंडेलवाल एवं श्रीमती पायल खंडेलवाल की सुपुत्री हैं। इस सेवा आयोजन में उनकी छोटी बहन अंजलि खंडेलवाल ने भी पूरे उत्साह एवं आत्मीयता के साथ सहभागिता निभाई। तपती गर्मी में लोगों की सुविधा और स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए स्वादिष्ट, शीतल एवं स्वास्थ्यवर्धक मठा वितरित किया गया। आयोजन में परिवार के सेवा संस्कारों, अपनत्व और सामाजिक संवेदनशीलता की सुंदर झलक देखने मिली। इस सेवा कार्य की सबसे प्यारी झलक नन्ही शिवान्या रही, जो पूरे उत्साह और खुशी के साथ आयोजन में सहभागिता करती नजर आई। कभी वह ट्रे में गिलास सजाना पसंद करती, तो कभी बड़े से जग को पकड़कर गिलास में मठा भरने का प्रयास करती। उसकी मासूम भागीदारी ने सभी के चेहरे पर मुस्कान बिखेर दी और आयोजन को भावनात्मक एवं प्रेरणादायक बना दिया। मायके और ससुराल दोनों परिवारों के स्नेह, संस्कार एवं प्रेरणा से संपन्न इस सेवा आयोजन ने यह संदेश दिया कि सेवा का भाव केवल परंपरा नहीं, बल्कि पीढ़ियों को जोड़ने वाला सुंदर संस्कार है। इस सेवा आयोजन में पायल खंडेलवाल, अंजलि खंडेलवाल,वर्षा खंडेलवाल, प्रभा रावत, राज जैन, रीना जैन, सुमन शर्मा, सुलेखा जोशी, प्रिया पंजवानी, पिंकी खंडेलवाल, स्नेहा राठौड़, सरिता दोशी, संतोष साहू, राजा साहू, रिज़वान अली एवं घनश्याम साहू का विशेष सहयोग रहा।