
पुरुषोत्तम मास में अरविंद भाई–भावना बेन दोशी परिवार द्वारा सेवा और संवेदनाओं का सुंदर आयोजन
धमतरी | पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर पूर्व विधायक स्वर्गीय जयाबेन दोशी की पुण्य स्मृति में 26 मई 2026 को धमतरी में शीतल छाछ सेवा का आयोजन किया गया। भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच राहगीरों, श्रमिकों एवं आमजन को प्रेमपूर्वक शीतल छाछ पिलाकर राहत पहुँचाई गई। इन दिनों धमतरी का तापमान लगभग 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुँचने से लोगों को काफी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे समय में यह सेवा लोगों के लिए राहत और अपनत्व का माध्यम बनी। सेवा स्थल पर लोगों को स्नेह और आत्मीयता के साथ छाछ पिलाई गई। इस अवसर पर स्वर्गीय जयाबेन दोशी के सुपुत्र अरविंद भाई दोशी एवं बिपिन भाई दोशी तथा भावना बेन दोशी ने बताया कि जयाबेन दोशी को छाछ बहुत प्रिय थी। वे गर्मियों में घर आने वाले मेहमानों, राहगीरों और घर पर कार्य करने वाले लोगों को स्नेहपूर्वक शीतल छाछ अवश्य पिलवाती थीं। उनकी इसी सेवा भावना को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह आयोजन रखा गया। पुरुषोत्तम मास में सेवा और पुण्य कार्यों का विशेष महत्व माना जाता है। इसी भावना के साथ परिवारजनों एवं सहयोगियों ने पूरे समर्पण के साथ इस सेवा में सहभागिता निभाई। इस सेवा आयोजन में अरविंद भाई, भावना बेन दोशी, बिपिन भाई दोशी, नंदन, हेमल, सरिता, नमन, विराज दोशी एवं रियांश पारख परिवार की विशेष सहभागिता रही। वहीं प्रभा रावत,पायल खंडेलवाल, सुलेखा जोशी, प्रिया पंजवानी एवं धनश्री जोशी का सहयोग भी उल्लेखनीय रहा। मठा सेवा से लाभान्वित लोगों ने इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा इसे गर्मी के मौसम में अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायी पहल बताया।






