धमतरी ड्रीम कॉरिडोर से खुलेगा विकास का नया द्वार, 5 हजार करोड़ निवेश और 6 हजार रोजगार की संभावना

8

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया ड्रीम कॉरिडोर वीडियो का विमोचन, 5 हजार करोड़ निवेश और 6 हजार रोजगार की संभावना
धमतरी l सुशासन तिहार-2026 के अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने धमतरी जिले में विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण के साथ “धमतरी ड्रीम कॉरिडोर” की शॉर्ट डॉक्यूमेंट्री वीडियो का विमोचन किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि धमतरी ड्रीम कॉरिडोर प्रदेश के विकास विजन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह परियोजना उद्योग, पर्यटन, कृषि आधारित गतिविधियों और युवाओं के रोजगार को नई दिशा देगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है और आने वाले समय में धमतरी छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा का प्रमुख केंद्र बनेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व एवं राज्य सरकार की जनहितैषी नीतियों के परिणामस्वरूप छत्तीसगढ़ में अधोसंरचना, उद्योग, पर्यटन और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने ड्रीम कॉरिडोर को जिले के उज्ज्वल भविष्य की व्यापक विकास परिकल्पना बताया।
5 हजार करोड़ निवेश और 6 हजार रोजगार की संभावना
ड्रीम कॉरिडोर परियोजना के तहत जिले में इंडस्ट्रियल साइट, औद्योगिक क्लस्टर और आधुनिक औद्योगिक पार्क विकसित किए जा रहे हैं। परियोजना में लगभग 5 हजार करोड़ रुपये निवेश की संभावना जताई गई है, जिससे 6 हजार से अधिक युवाओं को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।
वर्तमान में पशुपति फीड, गणेश गुलाल, फायर वर्क उद्योग, खादी उद्योग, सीड प्रोसेसिंग यूनिट, फूड प्रोसेसिंग यूनिट, फूड पार्क, वनोपज मार्केट, होलसेल मार्केट, सब्जी मार्केट, बीपीओ सेंटर, को-वर्किंग स्पेस और स्किल सेंटर जैसे क्षेत्रों में कार्य प्रारंभ हो चुके हैं।
इसके अलावा हाला इलेक्ट्रिक व्हीकल इकाई, हॉकिंस प्रेशर कुकर इकाई एवं टेक्सटाइल इकाई की स्थापना के लिए भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया भी पूर्ण हो चुकी है।
हरित विकास और आधुनिक कनेक्टिविटी पर फोकस
परियोजना में सौर ऊर्जा, बायोगैस प्लांट और पर्यावरण संरक्षण आधारित गतिविधियों को शामिल किया गया है। धमतरी की मजबूत कनेक्टिविटी भी इस परियोजना की बड़ी ताकत मानी जा रही है।
धमतरी राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से जुड़ा हुआ है तथा भारतमाला परियोजना के अंतर्गत विकसित सड़क मार्ग जिले को अन्य राज्यों से जोड़ रहे हैं। रेल सेवा प्रारंभ होने से परिवहन और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिली है, वहीं रायपुर एयरपोर्ट की निकटता जिले को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संपर्क से जोड़ने में मददगार होगी।
पर्यटन को मिलेगा नया आयाम
ड्रीम कॉरिडोर के माध्यम से जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों को भी विकसित किया जाएगा। गंगरेल बांध, सिहावा स्थित महानदी उद्गम क्षेत्र, रूद्रेश्वर कॉरिडोर एवं प्रस्तावित इको टूरिज्म विलेज को आधुनिक सुविधाओं और बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ा जाएगा। इससे स्थानीय पर्यटन के साथ क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
कलेक्टर ने बताया महत्वाकांक्षी पहल
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि ड्रीम कॉरिडोर परियोजना धमतरी जिले की संभावनाओं को नई पहचान देने वाली महत्वाकांक्षी पहल है। जिला प्रशासन निवेश, अधोसंरचना विकास, पर्यटन संवर्धन और स्थानीय युवाओं के कौशल विकास को एकीकृत दृष्टिकोण से आगे बढ़ा रहा है।
कार्यक्रम में प्रस्तुत शॉर्ट डॉक्यूमेंट्री वीडियो में जिले के भावी विकास मॉडल, औद्योगिक संभावनाओं, पर्यटन विस्तार और आधुनिक अधोसंरचना की रूपरेखा को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसकी उपस्थित जनसमूह ने सराहना की।