बस स्टैंड व सिहावा चौक में गंदगी फैलाने वालों पर निगम की कार्रवाई, 16 लोगों से वसूला गया जुर्माना

18

धमतरी। शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम द्वारा लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बस स्टैंड एवं सिहावा चौक क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए 16 लोगों पर कुल 2900 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
नगर निगम की टीम ने निरीक्षण के दौरान पाया कि कुछ लोग खुले में कचरा फेंककर एवं स्वच्छता नियमों का उल्लंघन कर रहे थे, जिससे आसपास का वातावरण दूषित हो रहा था। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित लोगों पर अर्थदंड लगाया गया और उन्हें भविष्य में ऐसा न करने की सख्त हिदायत दी गई।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर इसी तरह कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, नागरिकों से अपील की गई है कि वे कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें और स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझें।
नगर निगम की इस पहल को शहरवासियों द्वारा सकारात्मक रूप से देखा जा रहा है। यह कार्रवाई न केवल नियमों के पालन को सुनिश्चित करेगी, बल्कि स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी बढ़ाएगी। स्वच्छ शहर की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।