
धमतरी। धमतरी विधायक ओंकार साहू ने भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश एवं जिले के समस्त छात्र-छात्राओं को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी है। विधायक श्री साहू ने अपने संदेश में कहा कि भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन देश के छात्र-युवाओं का एक सशक्त और जागरूक मंच है, जिसने स्थापना काल से ही छात्र हितों की रक्षा, शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1971 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के छात्र विंग के रूप में स्थापित एनएसयूआई ने समय-समय पर विद्यार्थियों की आवाज़ को मजबूती से उठाया है और उन्हें नेतृत्व का अवसर प्रदान किया है। श्री साहू ने कहा कि छात्र शक्ति ही राष्ट्र की वास्तविक ऊर्जा है, जो देश के भविष्य का निर्माण करती है। एक जागरूक, शिक्षित और जिम्मेदार युवा ही मजबूत और प्रगतिशील भारत की नींव रख सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों एवं राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति भी सजग रहें और समाज निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। अंत में विधायक ओंकार साहू ने सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि संगठित छात्र शक्ति ही एक सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत का आधार है।






