धमतरी में रेलवे की बड़ी कार्रवाई: स्टेशन क्षेत्र में चला बुलडोजर, दुकानों से हटाया गया कब्जा

93

धमतरी।धमतरी-रायपुर बड़ी रेल लाइन परियोजना को गति देने के लिए रेलवे प्रशासन ने स्टेशन क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। लंबे समय से जारी नोटिस प्रक्रिया के बाद बुलडोजर और जेसीबी मशीनों की मदद से कब्जा हटाने की कार्रवाई होने से इलाके में हलचल मच गई।

धमतरी-रायपुर बड़ी रेल लाइन निर्माण कार्य को गति देने के लिए रेलवे प्रशासन ने स्टेशन क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। कई बार नोटिस जारी किए जाने के बावजूद कब्जा खाली नहीं होने पर रेलवे द्वारा अंतिम चेतावनी दी गई थी, जिसके बाद प्रशासन ने स्वयं कार्रवाई करने का निर्णय लिया।
धमतरी रेलवे स्टेशन के सामने मुख्य मार्ग किनारे स्थित मकानों और दुकानों को पूर्व में ही कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए थे। जानकारी के अनुसार इस क्षेत्र में लगभग 70 से अधिक अतिक्रमणकारी चिन्हित किए गए हैं, जिनमें से 14 प्रकरण न्यायालय में लंबित बताए जा रहे हैं।
निर्धारित कार्रवाई के तहत रेलवे की टीम भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंची। बुलडोजर एवं दो जेसीबी मशीनों की सहायता से अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई। अधिकांश दुकानदारों ने पहले ही अपना सामान हटा लिया था, जबकि कुछ लोगों ने कार्रवाई के दौरान सामान खाली किया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार अगले दो दिनों के भीतर पूरे क्षेत्र को पूरी तरह खाली कराने का लक्ष्य रखा गया है। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और दुकानदार मौके पर मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए एहतियातन विद्युत आपूर्ति भी अस्थायी रूप से बंद रखी गई।
कार्रवाई के दौरान रेलवे अधिकारियों के साथ नगर निगम प्रशासन, एसडीएम, निगम आयुक्त, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, जिला पुलिस, यातायात पुलिस, कोटवार एवं राजस्व विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।