ग्राम भोथापारा में हंगामा कर रहे युवक को धमतरी पुलिस ने किया गिरफ्तार, जेल भेजा गया

30

पुलिस की समझाइश के बावजूद नहीं माना आरोपी, लोक शांति बनाए रखने के लिए की गई प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

धमतरी l धमतरी जिले के थाना केरेगांव क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भोथापारा में हंगामा कर लोक शांति भंग करने वाले एक युवक के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम भोथापारा निवासी धनेश नागवानी ने थाना केरेगांव में शिकायत दर्ज कराई कि शेख जिलानी का पुत्र हसनैन रजा उर्फ बिट्टू उसके घर के सामने आकर उग्र व्यवहार करते हुए हंगामा कर रहा था तथा थाना में आवेदन देने की बात कहकर लगातार विवाद कर रहा था।
सूचना मिलते ही थाना केरेगांव पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को समझाइश देने का प्रयास किया। हालांकि आरोपी ने पुलिस की समझाइश का पालन नहीं किया और लगातार उत्तेजित होता गया। पुलिस की मौजूदगी में ही वह प्रार्थी के साथ मारपीट करने पर उतारू हो गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एवं क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा आरोपी शेख हसनैन पिता शेख जिलानी, उम्र 23 वर्ष, निवासी रायघर, जिला नवरंगपुर (उड़ीसा) के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 एवं 126(1)/135(3) के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
पुलिस द्वारा तैयार इस्तगासा तहसील न्यायालय कुकरेल में प्रस्तुत किया गया, जहां कार्यपालिक मजिस्ट्रेट द्वारा आरोपी के विरुद्ध जेल वारंट जारी किए जाने के बाद उसे विधिवत जेल दाखिल किया गया।
आरोपी का विवरण
नाम: शेख हसनैन
पिता का नाम: शेख जिलानी
उम्र: 23 वर्ष
निवासी: रायघर, जिला नवरंगपुर (उड़ीसा)