
धमतरी | भीषण गर्मी के प्रकोप को देखते हुए नगर पालिक निगम धमतरी द्वारा शहरवासियों की सुविधा हेतु शीतल पेयजल की व्यवस्था शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में सिहावा चौक एवं नगर निगम कार्यालय के सामने एवं ईतवारी बाजार जैन मंदिर के सामने सार्वजनिक प्याऊ (शीतल जल केंद्र) का शुभारंभ किया गया। इस पहल से राहगीरों एवं आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
गर्मी के मौसम में तापमान लगातार बढ़ने के कारण लोगों को पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ता है। इसे ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने यह पहल की है, जिससे शहर में आने-जाने वाले लोगों, मजदूरों, रिक्शा चालकों, ठेला संचालकों एवं जरूरतमंद नागरिकों को स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल सहजता से उपलब्ध हो सके।
निगम अधिकारियों ने बताया कि जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए इस प्रकार के प्याऊ शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों, बाजार क्षेत्रों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए स्थान चिन्हित करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक इस सुविधा का लाभ पहुंचाया जा सके।
अधिकारियों ने यह भी कहा कि प्याऊ केंद्रों पर स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। नियमित रूप से टंकियों की सफाई, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता एवं रख-रखाव सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही आवश्यकतानुसार कर्मचारियों की भी तैनाती की जाएगी।
नगर निगम की इस जनहितकारी पहल की शहरवासियों ने सराहना की है। लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में इस प्रकार की सुविधा अत्यंत उपयोगी साबित होती है और इससे राहगीरों को काफी राहत मिलती है। नागरिकों ने नगर निगम से अनुरोध किया है कि ऐसे प्याऊ की संख्या और बढ़ाई जाए, जिससे शहर के हर क्षेत्र में लोगों को शीतल पेयजल उपलब्ध हो सके।






