
धमतरी | धमतरी जिले में पहली बार आयोजित गंगरेल नौकायान उत्सव के अंतर्गत भव्य महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप का सफल आयोजन किया गया। गंगरेल बांध की शांत एवं मनमोहक जलधारा पर आयोजित इस प्रतियोगिता ने जिले को नई पहचान देते हुए जल, खेल और संस्कृति का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया।
मचान हाट प्वाइंट से गंगरेल ब्लू एडवेंचर स्पोर्ट्स प्वाइंट तक 1000 मीटर की चुनौतीपूर्ण दूरी में आयोजित इस रोमांचक प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने शानदार गति, संतुलन और टीम वर्क का प्रदर्शन किया। आयोजन स्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को उत्सव का रूप दे दिया।
52 टीमों ने लिया हिस्सा, बना क्षेत्रीय खेल महोत्सव
प्रतियोगिता में धमतरी सहित कांकेर और बालोद जिलों की कुल 52 टीमों ने भाग लिया। आयोजन का शुभारंभ विधायक श्री ओमकार साहू, महापौर श्री रामू रोहरा एवं पूर्व विधायक श्रीमती रंजना साहू द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री अविनाश मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गजेन्द्र ठाकुर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
महिला सहभागिता बनी आयोजन की विशेष पहचान
ग्रामीण अंचलों की महिलाओं की सक्रिय भागीदारी इस प्रतियोगिता की सबसे उल्लेखनीय विशेषता रही। ग्राम तिर्रा की श्रीमती चयन बाई, श्रीमती सुमन एवं श्रीमती दिनेश्वरी निधार ने पारंपरिक लकड़ी की नाव के साथ प्रतियोगिता में भाग लेकर महिला सशक्तिकरण का प्रेरणादायक संदेश दिया।
सीमित संसाधनों के बावजूद उनके आत्मविश्वास और साहस ने दर्शकों का मन जीत लिया।
प्रतियोगिता के विजेता प्रथम स्थान: बोट क्रमांक 04 — रोमार निषाद तिरी एवं जीतु निषाद। द्वितीय स्थान: बोट क्रमांक 01 — सत्वंत मंडावी एवं मिथलेश मंडावी (कोलियारी) तृतीय स्थान: बोट क्रमांक 10 — कोमल निषाद एवं महेश्वर कुरेटरी (तिर्रा)

विशेष पुरस्कार
वेशभूषा पुरस्कार — बोट क्रमांक 06 (पवनबाई निषाद एवं देवनबती निषाद)
सजावट पुरस्कार — बोट क्रमांक 08 (रामनारायण नेताम एवं रिशीराम निषाद)
पुरस्कार राशि
प्रथम पुरस्कार — ₹1,00,000
द्वितीय पुरस्कार — ₹50,000
तृतीय पुरस्कार — ₹25,000
सजावट एवं वेशभूषा पुरस्कार — ₹11,000
महिला प्रतिभागियों हेतु प्रोत्साहन राशि — ₹15,000, ₹10,000 एवं ₹5,000
जनप्रतिनिधियों ने की आयोजन की सराहना
विधायक श्री ओमकार साहू ने कहा कि यह आयोजन क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपरा और जल पर्यटन को नई पहचान देगा।
महापौर श्री रामू रोहरा ने इसे स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
कलेक्टर श्री अविनाश मिश्रा ने कहा कि ऐसे आयोजन पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ युवाओं में खेल एवं साहसिक गतिविधियों के प्रति रुचि विकसित करेंगे।
पर्यावरण और मत्स्य व्यवसाय को भी मिला प्रोत्साहन
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। मत्स्य विभाग ने 8 मछुआ समितियों को आइस बॉक्स वितरित किए। साथ ही जल सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वॉटर एंबुलेंस का शुभारंभ किया गया।
पर्यटन विकास की नई दिशा
‘गंगरेल नौकायान उत्सव’ धमतरी जिले में पर्यटन, संस्कृति और खेल गतिविधियों के समन्वय का सशक्त उदाहरण बनकर उभरा है। यह आयोजन गंगरेल क्षेत्र को राज्य के प्रमुख पर्यटन एवं एडवेंचर स्पोर्ट्स हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।






