कलेक्टर अबिनाश मिश्रा का मैदानी दौरा, योजनाओं के क्रियान्वयन और व्यवस्थाओं का किया सघन निरीक्षण

10

धमतरीl  कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों का व्यापक भ्रमण कर विकास कार्यों, कृषि गतिविधियों एवं संस्थागत व्यवस्थाओं का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा आमजन को त्वरित लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर के भ्रमण की शुरुआत पोटियाडीह से हुई, जहां उन्होंने PACS एवं हाउसिंग सोसायटी का निरीक्षण करते हुए खाद-बीज वितरण, ऋण सुविधा तथा अभिलेख संधारण की समीक्षा की। उन्होंने किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान पोटियाडीह में 4000 मैट्रिक टन क्षमता के गोदाम निर्माण की कार्ययोजना की जानकारी दी गई। साथ ही चना खरीदी केंद्र का शुभारंभ किया गया एवं किसानों को केसीसी की किताबें वितरित की गईं।

इसके पश्चात कलेक्टर आमदी पहुंचे, जहां नगर पंचायत की स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति एवं जल शोधन संयंत्र (WTP) की कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया। निर्माण कार्य की धीमी गति पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। कॉलेज रोड निरीक्षण के दौरान सड़क गुणवत्ता एवं रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा।

डोमा में सोसायटी कार्यों की समीक्षा करते हुए हितग्राहियों को समय पर खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं जुगड़ेही में किसानों से संवाद कर मक्का फसल की स्थिति की जानकारी ली तथा उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।

सुपेला में पोल्ट्री फार्म का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने पशुपालन को आय वृद्धि का प्रभावी माध्यम बताते हुए इस क्षेत्र को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई। सेमरा बी में सोसायटी, मक्का एवं उड़द फसल की स्थिति का अवलोकन कर किसानों को फसल विविधीकरण अपनाने की सलाह दी।

भखारा कृषि उपज मंडी में चना खरीदी व्यवस्था का निरीक्षण करने के बाद कलेक्टर ने भखारा तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण, अभिलेखों के डिजिटलीकरण तथा आमजन को समयबद्ध सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए और रिकॉर्ड रूम का भी अवलोकन किया।

इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह ठाकुर, एसडीएम धमतरी श्री पीयूष तिवारी, एसडीएम कुरूद श्री नभ सिंह सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं किसान उपस्थित रहे।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए, हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाए तथा नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से जमीनी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का शीघ्र निराकरण एवं विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना है