भारतमाला परियोजना से गांवों की बदलेगी तस्वीर, स्थानीयों को मिलेगी प्राथमिकता

1
करेहा में प्रशासन की पहल: रोजगार, शिक्षा और सड़क सुधार पर बनी कार्ययोजना ,विकास के साथ आत्मनिर्भरता की ओर कदम, महिला समूहों को भी मिलेगा अवसर
धमतरी | जिले में अधोसंरचना विकास को गति देने एवं स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा सतत पहल की जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर  अबिनाश मिश्रा ने नगरी विकासखंड के ग्राम करेहा में पंचायत पदाधिकारियों, युवाओं, महिला स्व-सहायता समूहों एवं ग्रामीणों के साथ बैठक कर भारतमाला परियोजना से संबंधित संभावनाओं एवं तैयारियों की समीक्षा की। कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी भारतमाला परियोजना के अंतर्गत क्षेत्र में प्रस्तावित सड़क विकास कार्यों से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि आसपास के गांवों में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे निर्माण कार्य, मशीन संचालन, आतिथ्य सेवा, वाहन संचालन एवं अन्य संबंधित क्षेत्रों में कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर स्वयं को तैयार करें। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन द्वारा कौशल उन्नयन प्रशिक्षण, पंजीयन एवं मार्गदर्शन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। बैठक के दौरान महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा संचालित गतिविधियों की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने उनके कार्यों की सराहना की तथा कहा कि आगामी औद्योगिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों से समूहों को आपूर्ति, खाद्य प्रसंस्करण, कैटरिंग एवं अन्य सेवाओं के माध्यम से जोड़ा जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समूहों के उत्पादों के विपणन एवं पैकेजिंग सुदृढ़ करने हेतु आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए। शिक्षा के क्षेत्र में सुधार पर बल देते हुए कलेक्टर ने ग्राम के हाई स्कूल को सर्वसुविधायुक्त बनाने, आधारभूत संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा डिजिटल शिक्षण सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही करेहा से गट्टासिल्ली मार्ग की जर्जर स्थिति पर चर्चा करते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को शीघ्र मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कार्य प्रारंभ करने हेतु निर्देशित किया, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस अवसर पर भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) के प्रतिनिधि श्री लक्ष्य कुमार ने जानकारी दी कि कंपनी द्वारा क्षेत्र में पेट्रोल पंप एवं रेस्टोरेंट स्थापित करने की योजना है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। उन्होंने बताया कि एक इकाई में लगभग 50 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार देने का लक्ष्य है तथा नियुक्ति में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। बैठक में उपस्थित ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, विद्युत आपूर्ति एवं कौशल प्रशिक्षण से संबंधित सुझाव एवं समस्याएं रखीं, जिन पर कलेक्टर ने सकारात्मक एवं त्वरित कार्यवाही का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में जनसहभागिता सुनिश्चित कर ही क्षेत्र का समग्र एवं संतुलित विकास संभव है। बैठक के माध्यम से प्रशासन ने यह संदेश दिया कि अधोसंरचना विकास के साथ-साथ स्थानीय मानव संसाधन को सशक्त बनाना प्राथमिकता है, ताकि परियोजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंचे और क्षेत्र आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सके।