धमतरी/ फागुन महोत्सव में उमड़ा आस्था का सागर, महापौर रामू रोहरा ने लिया आशीर्वाद

5

धमतरी | शहर में 26 से 28 फरवरी तक आयोजित भव्य फागुन महोत्सव के अंतर्गत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अनुपम संगम देखने को मिला। इस पावन अवसर पर नगर निगम धमतरी के महापौर श्री रामू रोहरा ने श्री खाटू श्याम बाबा मंदिर पहुँचकर बाबा श्याम के चरणों में मत्था टेक नगरवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं निरंतर प्रगति की कामना की। मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा, पुष्प अलंकरण एवं मनमोहक झांकियों से सुसज्जित किया गया था। भजन-कीर्तन, संकीर्तन एवं श्याम नाम के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति ने यह सिद्ध कर दिया कि फागुन महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का महापर्व है। महापौर श्री रोहरा ने आयोजन समिति के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को सफल आयोजन के लिए साधुवाद देते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं तथा हमारी सनातन परंपराओं को सशक्त आधार प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम सदैव धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करने हेतु प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरा मंदिर परिसर “जय श्री श्याम” के उद्घोष से गुंजायमान रहा और भक्ति की धारा में संपूर्ण नगर सराबोर नजर आया।