होली को लेकर अलर्ट मोड में धमतरी पुलिस: एसपी सूरज सिंह परिहार ने ली उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक

7

कानून-व्यवस्था एवं होली पर्व के मद्देनजर एसपी धमतरी की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक, राजपत्रित अधिकारी,थाना/चौकी, यातायात व शाखा प्रभारियों को सख्त दिशा-निर्देश ,  गुंडा-बदमाशों, निगरानीशुदा व उभरते असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी,अवैध शराब व मादक पदार्थों के विरुद्ध सघन विशेष अभियान के आदेश ,  होली पर्व पर शांति, सुरक्षा, सौहार्द एवं सार्वजनिक व्यवस्था सुनिश्चित करना धमतरी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता

धमतरी | कानून-व्यवस्था एवं आगामी होली त्योहार को लेकर पुलिस अधीक्षक धमतरी श्री सूरज सिंह परिहार द्वारा पुलिस कार्यालय धमतरी में व्यापक एवं उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजपत्रित अधिकारी, रक्षित निरीक्षक, समस्त थाना/चौकी प्रभारी, यातायात, साइबर तथा विभिन्न शाखा प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक में होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई। सुरक्षा व्यवस्था, प्रतिबंधात्मक कार्यवाही, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी, यातायात प्रबंधन, सोशल मीडियामॉनिटरिंग एवं असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण को लेकर गहन समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। विगत 05 वर्षों में होली के दौरान घटित छोटी-बड़ी घटनाओं का विश्लेषण कर इस वर्ष के लिए अग्रिम एवं ठोस कार्ययोजना बनाई गई। जिले के संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, मोबाइल पेट्रोलिंग, स्थायी पिकेट तथा चिन्हित क्राइम हॉटस्पॉट क्षेत्रों में विशेष निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वर्ष 2025-26 में धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के अंतर्गत की गई कार्यवाहियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्देशित किया गया कि धारा 34(1) एवं 34(2) के अतिरिक्त खुले स्थानों पर शराब पीने-पिलाने वालों तथा इसके लिए साधन उपलब्ध कराने वाले व्यक्तियों पर भी विशेष निगरानी रखी जाए एवं उनके विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध सघन, निरंतर एवं परिणाममुखी विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही होटल, ढाबा एवं लॉज आदि स्थलों की नियमित चेकिंग कर अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया। इसके अतिरिक्त चाकूबाजी, तलवारबाजी एवं अन्य हथियारों से संबंधित पंजीबद्ध प्रकरणों की समीक्षा कर ऐसे तत्वों को चिन्हांकित करते हुए उनके विरुद्ध सख्त प्रतिबंधात्मक एवं निरोधात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए गए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति न हो सके। पुलिस अधीक्षक द्वारा विशेष निर्देश दिए गए कि- जिले के चिन्हित गुंडा-बदमाशों, निगरानीशुदा एवं उभरते असामाजिक तत्वों को चिन्हांकित कर उन पर सतत निगरानी रखी जाए तथा आवश्यकतानुसार बाउंड ओवर/जमानतबद्ध कार्यवाही की जाए।  होली पूर्व सभी अनुभागों में फ्लैग मार्च आयोजित कर आमजन में सुरक्षा का विश्वास सुदृढ़ किया जाए।  हुड़दंग, मारपीट, जबरन रंग लगाने, नशे में वाहन चलाने एवं सार्वजनिक शांति भंग करने वालों पर तत्काल कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाए।  दोपहिया वाहन में तीन सवारी, स्टंटबाजी एवं शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर विशेष अभियान चलाया जाए।  सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट पर सतत निगरानी रखते हुए त्वरित विधिसम्मत कार्यवाही की जाए।  होलिका दहन स्थलों पर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए तथा बिजली के तार/केबल आदि से सुरक्षित दूरी बनाए रखने हेतु विशेष सतर्कता बरती जाए।  मादक पदार्थों एवं अवैध शराब के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत लगातार प्रभावी कार्यवाही की जाए।  क्राइम हॉटस्पॉट क्षेत्रों में निरंतर पेट्रोलिंग एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित किया जाए। जिले में उभरते हुए गुंडा-बदमाशों एवं आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों को चिन्हांकित कर उन पर विशेष निगरानी रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर समय रहते प्रतिबंधात्मक एवं कड़ी वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शैलेन्द्र कुमार पांडे, नगर पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक चतुर्वेदी, एसडीओपी कुरूद श्रीमती रागिनी मिश्रा, डीएसपी यातायात सुश्री मोनिका मरावी, डीएसपी मुख्यालय सुश्री मीना साहू, डीएसपी एसजेपीयू श्री यशकरण दीप ध्रुव, एसडीओपी नगरी श्री विपिन रंगारी, रक्षित निरीक्षक धमतरी सहित समस्त थाना/चौकी प्रभारी, यातायात प्रभारी, साइबर प्रभारी एवं अन्य शाखा प्रभारी उपस्थित रहे। धमतरी पुलिस द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि होली का पर्व आपसी भाईचारे, शांति एवं सद्भाव के साथ मनाएं, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को दें। होली पर्व के दौरान संपूर्ण जिले में व्यापक, सुदृढ़ एवं बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की जा रही है, ताकि प्रत्येक नागरिक सुरक्षित एवं निर्भय वातावरण में त्योहार का आनंद ले सके।