
धमतरी | नगर निगम धमतरी के महापौर श्री रामू रोहरा ने विंध्यवासिनी वार्ड में धमतरी पद्माशाली (पदमवार) समाज भवन निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन कर शुभारंभ किया। यह कार्यक्रम सिटी पार्क के बाजू एवं सामुदायिक भवन के सामने आयोजित किया गया, जहां समाज के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय पार्षदगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। भूमि पूजन कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की गई और समाज भवन निर्माण के लिए शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर महापौर श्री रोहरा ने कहा कि समाज भवन के निर्माण से पद्माशाली समाज को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों के आयोजन हेतु एक सुसज्जित स्थान उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम सभी समाजों के विकास और उनकी आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए प्रतिबद्ध है। महापौर ने आगे कहा कि समाज भवन केवल एक इमारत नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और संगठन का केंद्र होगा, जहां समाज के लोग बैठकें, समारोह एवं अन्य कार्यक्रम आयोजित कर सकेंगे। कार्यक्रम में पद्माशाली समाज के प्रतिनिधियों ने महापौर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से समाज भवन की मांग की जा रही थी, जो अब साकार हो रही है। भूमि पूजन के पश्चात उपस्थित जनों के बीच प्रसाद वितरण किया गया और सभी ने निर्माण कार्य के शीघ्र पूर्ण होने की कामना की।






