
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26
धमतरी । प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जिले में धान खरीदी की प्रक्रिया सुचारू, पारदर्शी एवं सहज रूप से संचालित की जा रही है, जिससे किसानों में संतोष और उत्साह का वातावरण है। शासन द्वारा धान खरीदी महाभियान के तहत समर्थन मूल्य एवं कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से तथा प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल की सीमा तक धान खरीदी की जा रही है। जिले में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन हेतु कुल 74 समितियों में 1,29,592 किसानों का 1,27,712.68 हेक्टेयर रकबा पंजीकृत है। 15 नवंबर 2025 से अब तक 1,20,598 किसानों से 57,63,407.60 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है, जिसकी कुल राशि 1366.57 करोड़ रुपये है। अब तक 1,14,813 किसानों को 1300.45 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। दिनांक 29 जनवरी 2026 के लिए 1375 किसानों को 52,672.80 क्विंटल धान खरीदी हेतु टोकन जारी किए गए हैं। अभी तक उपार्जित धान में से 25,12,966.90 क्विंटल धान का उठाव किया जा चुका है, जबकि 32,50,440.70 क्विंटल धान का उठाव शेष है। जिले में अब तक 99,321 किसानों द्वारा 6414.80 हेक्टेयर रकबे का समर्पण कराया जा चुका है।






