भखारा रोड पर अलग-अलग सड़क हादसों में डायल-112 की तत्परता, घायलों को तत्काल मिली चिकित्सा सहायता
धमतरी। सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति के लिए शुरुआती कुछ मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। ऐसे में धमतरी पुलिस की डायल-112 टीम ने एक बार फिर अपनी तत्परता का परिचय देते हुए भखारा रोड पर अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में तीन घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उपचार दिलाया। पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में दुर्घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर घायलों की मदद की जा रही है।
पहली घटना भखारा रोड पर ग्राम सिर्वे तालाब के पास हुई। यहां स्कूटी से गिरकर एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना डायल-112 को मिली। सूचना मिलते ही टीम घटनास्थल पर पहुंची, जहां संतोष धीमर निवासी तेलीगुड़ा, थाना रानीतराई घायल अवस्था में मिले। बताया गया कि स्कूटी चलाते समय अनबैलेंस होने के कारण वे गिर गए थे। डायल-112 टीम ने बिना देरी किए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भखारा पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया गया। साथ ही उनके परिजन देवराम साहू निवासी ग्राम सिर्वे को घटना की सूचना दी गई।
इस कार्रवाई में ERV में तैनात आरक्षक फगेंद्र साहू एवं चालक हीतेश विश्वकर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दूसरे हादसे में दो घायलों को पहुंचाया अस्पताल
इसी तरह भखारा रोड पर सिहाद मोड़ के आगे राइस मिल के पास दो व्यक्तियों के मोटरसाइकिल से गिरकर गंभीर रूप से घायल होने की सूचना डायल-112 को मिली। सूचना मिलते ही डायल-112 पाइथन-1 भखारा की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने दोनों घायलों को सुरक्षित तरीके से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भखारा पहुंचाया, जहां उन्हें उपचार के लिए भर्ती कराया गया।
दुर्घटना की सूचना तुरंत देने की अपील
धमतरी पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को समय पर सहायता और उपचार मिलना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। डायल-112 के माध्यम से दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को तत्काल मौके पर भेजकर घायलों की मदद सुनिश्चित की जा रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना होने पर बिना देरी किए डायल-112 को सूचना दें, ताकि घायलों को समय पर पुलिस एवं चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।





