Home Uncategorized हड्डी पसली तोड़ने की धमकी देकर मोबाइल लूटने वाले दो युवक पकड़ाये,...

हड्डी पसली तोड़ने की धमकी देकर मोबाइल लूटने वाले दो युवक पकड़ाये, एक फरार , लूटा गया मोबाईल बरामद

धमतरी | पुलिस अधीक्षक बी.पी. राजभानु द्वारा लूट, चोरी, नकबजनी जैसे संपत्ति संबंधी अपराधों में लगाम लगाने हेतु आसूचना तंत्र मजबूत करने, सतत पेट्रोलिंग व गस्त सुदृढ़ करने सभी थाना व चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया गया है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने संदिग्ध व्यक्तियों एवं निगरानी बदमाशों की जांच कर उन पर सतत निगाह रखने निर्देशित किया गया, जिसके फलस्वरुप कई मामलों में अज्ञात आरोपियों की त्वरित पता तलाश कर हिरासत में लेकर संपत्ति बरामद किया गया है।

12 दिसम्बर को प्रार्थी टिकेश्वर दास मानिकपुरी पिता गंभीर दास मानिकपुरी निवासी ग्राम कंवर थाना गुरुर जिला बालोद ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराया कि इसी  दिन दोपहर करीबन 2 बजे राजिम से बस में बैठकर धमतरी पहुंचा और मोबाइल से अपने भाई के साथ बातचीत कर रहा था। उसी समय तीन अज्ञात व्यक्ति उसके पास आए और बात करने के लिए उसका मोबाइल मांगे, जिस पर अपना मोबाइल दे दिया। तीनों व्यक्ति द्वारा प्रार्थी से मोबाइल लेने के बाद उसे धमकी देते हुए तेरा मोबाइल नहीं मिलेगा और हड्डी पसली तोड़ने की धमकी  दी तथा प्रार्थी का मोबाइल वीवो Y-20 कीमती करीबन ₹13000 को लूटकर वहां से भाग गए। रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में तीन अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध धारा 392 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। अपराध की सूचना पुलिस अधीक्षक  बी.पी. राजभानू को मिलने पर थाना प्रभारी कोतवाली को अज्ञात आरोपियों की पता तलाश कर त्वरित वैधानिक कार्यवाही करने निर्देशित किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मनीषा ठाकुर रावटे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली नवनीत पाटिल द्वारा अपने स्टाफ के साथ तत्काल रवाना होकर घटनास्थल पहुंचकर तकनीकी साक्ष्य एकत्रित करते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ कर अज्ञात आरोपियों की पहचान सुनिश्चित होने पर उनकी गिरफ्तारी हेतु विश्वसनीय मुखबिर लगाया गया।
मुखबिर की सूचना पर संदेही आरोपी रवि दास मानिकपुरी पिता स्वर्गीय कल्लू दास मानिकपुरी उम्र 26 वर्ष साकिन सिहावा चौक तेलीपारा धमतरी और निर्मल दास मानिकपुरी पिता स्वर्गीय देव दास मानिकपुरी उम्र 32 वर्ष साकिन सिहावा चौक तेलीपारा धमतरी को उनके घर में  दबिश देकर  पकड़ा गया | जिन्हें हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की  गई | पूछताछ में दोनों संदेही आरोपियों ने अपने एक साथी के साथ मिलकर प्रार्थी को अकेला देखकर उसे डरा-धमकाकर मोबाइल लूटकर भाग जाना स्वीकार किया | आरोपी रवि दास मानिकपुरी के कब्जे से मोबाइल बरामद किया गया है। मामले में संलिप्त एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी पता तलाश  की जा रही है | इस कार्यवाही में सहायक उप निरीक्षक राजेंद्र सोरी, आरक्षक प्रशांत शुक्ला, डायमन यादव एवं डुगेश्वर साहू का सराहनीय योगदान रहा।

Exit mobile version