विंध्यवासिनी मंदिर में स्वच्छता का संदेश, महापौर रामू रोहरा और आयुक्त अरुण वर्मा ने किया श्रमदान
धमतरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित ‘सेवा पखवाड़ा’ सेवा, समर्पण, जनकल्याण और सामाजिक सरोकारों का संदेश लेकर आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में ‘स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा-2026’ के तहत नगर पालिक निगम धमतरी द्वारा बुधवार को विंध्यवासिनी मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।
अभियान में महापौर जगदीश ‘रामू’ रोहरा एवं निगम आयुक्त अरुण कुमार वर्मा ने स्वयं श्रमदान कर स्वच्छता के प्रति जागरूकता और जनभागीदारी का संदेश दिया। महापौर रामू रोहरा के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में पार्षदगण, एल्डरमैन, निगम के अधिकारी-कर्मचारी, भाजपा कार्यकर्ता तथा शहर के गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई।
सभी ने एकजुट होकर मंदिर परिसर, आसपास के मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों की सफाई की तथा एकत्रित कचरे का व्यवस्थित निस्तारण किया।
इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान या एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की दैनिक जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से धरातल पर उतारना हम सभी का दायित्व है। जनप्रतिनिधि, निगम अमला और नागरिक जब मिलकर स्वच्छता के लिए आगे आते हैं, तो यह प्रयास जनआंदोलन का स्वरूप लेता है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम का निरंतर प्रयास धमतरी को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाने का है। इसके लिए विभिन्न क्षेत्रों में नियमित स्वच्छता अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने घर, मोहल्ले और आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखें, कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें तथा दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करें।
निगम आयुक्त अरुण कुमार वर्मा ने कहा कि निगम द्वारा शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नियमित रूप से विशेष अभियान संचालित किए जा रहे हैं। स्वच्छ शहर के निर्माण में निगम के प्रयासों के साथ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है। उन्होंने शहरवासियों से स्वच्छता को अपनी आदत और दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
अभियान के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने ‘स्वच्छ धमतरी, सुंदर धमतरी’ के संकल्प को मजबूत करते हुए स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
