Home CRIME गांजा तस्करी: बस से 11.33 किलो गांजा बरामद, 2 तस्कर गिरफ्तार

गांजा तस्करी: बस से 11.33 किलो गांजा बरामद, 2 तस्कर गिरफ्तार

गांजा बस में छिपाकर ला रहे थे 11.33 किलो
बोराई नाके पर MP के दो तस्कर गिरफ्तार

गांजा बस में छिपाकर उड़ीसा से ला रहे थे , बोराई नाके पर धरे गए; 11.33 किलो माल के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

धमतरी। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ धमतरी पुलिस के ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत एक और बड़ी कार्रवाई सामने आई है। बोराई पुलिस ने यात्री बस की जांच के दौरान 11.33 किलोग्राम गांजा बरामद कर मध्यप्रदेश के दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, दो मोबाइल फोन और नकदी समेत कुल 2 लाख 32 हजार 350 रुपये की सामग्री जब्त की है।

पुलिस अधीक्षक धमतरी भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों के अवैध भंडारण, बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना बोराई पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की।

बस रोककर शुरू हुई जांच, दो यात्री निकले संदिग्ध

15 सितंबर 2026 को थाना प्रभारी बोराई एवं पुलिस स्टाफ द्वारा बैरियर नाका बोराई के पास संदिग्ध वाहनों एवं यात्रियों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान उड़ीसा से धमतरी की ओर आ रही यात्री बस क्रमांक सीजी 04 ईए 2476 को रोककर जांच की गई।

जांच के दौरान बस में सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों के कब्जे से अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों में निखिल वर्मा (26 वर्ष), पिता राजेश वर्मा, निवासी सतवास, थाना सतवास, जिला देवास (मध्यप्रदेश) तथा मोहित गोदरा (28 वर्ष), पिता प्रेमनारायण, निवासी गोलागुठान, थाना सतवास, जिला देवास (मध्यप्रदेश) शामिल हैं।

2.32 लाख रुपये से अधिक की जब्ती

बोराई पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11.33 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है, बरामद किया। इसके अलावा दो मोबाइल फोन, अनुमानित कीमत 10 हजार रुपये, तथा 2,350 रुपये नकद भी जब्त किए गए। इस तरह कुल 2 लाख 32 हजार 350 रुपये की जुमला जब्ती की गई।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए

आरोपियों के विरुद्ध थाना बोराई में अपराध क्रमांक 16/26, धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार मामले में आगे की विवेचना जारी है। गांजा तस्करी से जुड़े बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज की भी जांच की जा रही है, ताकि तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी सामने आ सके।

धमतरी पुलिस ने कहा है कि ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों एवं अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क के विरुद्ध लगातार सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Exit mobile version