स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने दिए निर्देश

0

बारिश के मौसम में मौसमी बीमारियों की रोकथाम, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और कुपोषण मुक्ति पर विशेष फोकस

धमतरी | कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, कुपोषण मुक्ति सहित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के प्रत्येक नागरिक तक समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित हो और मैदानी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की सतत निगरानी की जाए।

बारिश के मौसम में बीमारियों की रोकथाम के लिए सतर्कता के निर्देश

कलेक्टर श्री मिश्रा ने वर्तमान बारिश के मौसम को देखते हुए मौसमी एवं जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता, जांच सुविधाओं तथा उपचार व्यवस्था की नियमित समीक्षा करने कहा। साथ ही ग्रामीण एवं मैदानी क्षेत्रों में स्वास्थ्य अमले को सक्रिय रखते हुए बुखार, डायरिया, सर्दी-खांसी सहित अन्य मौसमी बीमारियों के मामलों की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों को स्वच्छ पेयजल, स्वच्छता और बीमारी से बचाव के संबंध में जागरूक करने पर भी जोर दिया।

मगरलोड सीएचसी के नए भवन के लिए बड़ा स्थान चयनित करने के निर्देश

बैठक में बताया गया कि मगरलोड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के जर्जर भवन को देखते हुए नए भवन निर्माण के लिए राशि स्वीकृत हो चुकी है। कलेक्टर श्री मिश्रा ने नए भवन के लिए वर्तमान स्थान की अपेक्षा अधिक बड़ा एवं उपयुक्त स्थल चिन्हांकित करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अस्पताल का सुनियोजित विकास किया जा सके और क्षेत्रवासियों को बेहतर एवं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हों।

उच्च जोखिम वाली गर्भवती माताओं को निःशुल्क सोनोग्राफी की सुविधा

बैठक में उच्च जोखिम वाली गर्भवती माताओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर ने उनकी नियमित जांच एवं आवश्यक उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हाई रिस्क प्रेग्नेंसी के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। ऐसी गर्भवती माताओं के लिए सोनोग्राफी की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में 25 अगस्त को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरी में विशेष निःशुल्क जांच एवं सोनोग्राफी शिविर आयोजित किया जाएगा।

कुपोषित बच्चों को NRC तक पहुंचाने में विभागीय समन्वय पर जोर

कलेक्टर श्री मिश्रा ने कुपोषण मुक्ति अभियान की समीक्षा करते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा मितानिनों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने चिन्हित कुपोषित बच्चों को आवश्यकता के अनुसार पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) में अनिवार्य रूप से भर्ती कराने तथा उनके स्वास्थ्य एवं पोषण की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।

गंभीर बीमारियों से पीड़ित बच्चों का समय पर उपचार सुनिश्चित करें

राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने बच्चों में हृदय रोग, आंख, कान एवं अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की समय पर पहचान पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि चिन्हित बच्चों को आवश्यक जांच एवं उपचार के लिए संबंधित अस्पतालों से समन्वय कर त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा उपचार की प्रगति की भी नियमित निगरानी की जाए।

अकला डोंगरी उप स्वास्थ्य केंद्र का शीघ्र होगा शुभारंभ

ग्राम अकला डोंगरी में प्रस्तावित उप स्वास्थ्य केंद्र के शुभारंभ से पूर्व कलेक्टर श्री मिश्रा स्वयं स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भवन, विद्युत, पेयजल, स्वच्छता, आवश्यक उपकरण एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिले के समस्त खंड चिकित्सा अधिकारी, जिला कार्यक्रम के नोडल अधिकारी तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं मैदानी स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा की गई।