स्वतंत्रता दिवस पर कलेक्ट्रेट परिसर में तीन दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी

0

स्वतंत्रता दिवस पर कलेक्ट्रेट परिसर में तीन दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी

कलेक्टर श्री मिश्रा ने किया अवलोकन

धमतरी | स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट परिसर, धमतरी में 13 से 15 अगस्त तक तीन दिवसीय विशेष छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित यह प्रदर्शनी ‘हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम्’ तथा ‘भारत विभाजन की विभीषिका-स्मरण दिवस’ की विषयवस्तु पर आधारित है।

कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री जयंत नाहटा (आईएएस) ने आज प्रातः नगरी प्रवास पर रवाना होने से पूर्व प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने प्रदर्शनी में प्रदर्शित छायाचित्रों के माध्यम से देश की स्वतंत्रता, राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक विरासत तथा विभाजन की त्रासदी से जुड़ी स्मृतियों और भावनाओं को देखा। अधिकारियों ने प्रदर्शनी परिसर में बनाए गए सेल्फी पॉइंट पर सेल्फी ली तथा ‘हर घर तिरंगा’ हस्ताक्षर अभियान में सहभागिता कर राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान एवं देशभक्ति का संदेश दिया।