धमतरी| प्रदेश सरकार की महती सौर सुजला योजना के तहत किसानों को व्यक्तिगत, सामुदायिक सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने एवं गौठानों, चारागाहों में पेयजल की सुविधा के लिए सोलर पम्प स्थापना का कार्य क्रेडा के जरिए किया जा रहा है। सोलर पम्प स्थापना से एक ओर जहां किसानों को खेतों में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होने से वे आत्मनिर्भर हो रहे हैं, वहीं दूसरी ओर बिजली बिल भुगतान की समस्या नहीं होने से उनकी आर्थिक स्थिति में भी सुधार हुआ है। दूरस्थ एवं पहुंचविहीन ग्रामों में जहां विद्युत प्रदाय नहीं होने की वजह से किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाती थी एवं केवल वर्षा पर निर्भर रहते थे, ऐसे स्थलों में भी क्रेडा के जरिए सोलर पम्प स्थापित कर किसानों को लाभान्ति किया जा रहा है। धमतरी जिले में सौर सुजला योजना के तहत प्रथम चरण से चैथे चरण तक 1270 नग सोलर पम्प स्थापित किए जा चुके हैं तथा पांचवें चरण में 600 नग सोलर पम्प स्थापना का लक्ष्य मिला है। इस योजना के तहत सोलर पम्प स्थापना क लिए आवेदन प्रस्ताव कृषि विभाग के माध्यम से क्रेडा को प्राप्त होने के बाद 3 एवं 5 एच.पी. क्षमता के सोलर पम्प श्रेणीवार 90-95 प्रतिशत सब्सिडी के साथ पांच साल की वारंटी भी प्रदाय किया जाता है। सोलर पम्प स्थापना के लिए प्रोसेसिंग शुल्क कार्यपालन अभियंता, क्रेडा क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर के नामे डीडी, चेक के माध्यम से आवेदन प्रस्ताव के साथ जमा कर सकते हैं।
