
महापौर रामू रोहरा ने कहा – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचार देशहित, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणादायी
धमतरी l माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” के 136वें प्रसारण को आज मराठापारा निवासी श्री विश्वजीत कृदत के निवास पर सामूहिक रूप से सुना गया। इस अवसर पर धमतरी नगर निगम के महापौर श्री रामू रोहरा, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठजन, जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशहित, जनभागीदारी, आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, नवाचार, युवा शक्ति एवं सामाजिक दायित्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यक्त विचारों को गंभीरता से सुना।
इस अवसर पर महापौर श्री रामू रोहरा ने कहा कि “मन की बात” देशवासियों को सकारात्मक सोच, सामाजिक चेतना और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने वाला एक प्रेरणादायी मंच बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है तथा उनके विचार प्रत्येक नागरिक को देश के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने की प्रेरणा देते हैं।
महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा समाज के अनाम नायकों, नवाचार करने वाले युवाओं, किसानों, महिलाओं और समाज सेवा में योगदान देने वाले लोगों का उल्लेख कर उन्हें सम्मानित करना पूरे देश के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रधानमंत्री के संदेशों को अपने जीवन में आत्मसात करते हुए स्वच्छ, समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित जनों ने राष्ट्रहित और जनकल्याण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। इस दौरान विश्वजीत कृदत्त, प्रकाश गोलछा,कैलाश भोसले,गौरव मगर,सतीश पवार,भागवत यादव,धनेश्वर यादव,नीरज जगताप,रिंकी जाधव,अनीता कृदत्त,आदित्य भोसले,आकाश भोजवानी, अभिषेक जाधव,शुभम कृदत्त,प्रसून्न तिवारी,यश गाँधी,गोविंदा सोनी सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं वार्डवासी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।






