धमतरी । आमजन की समस्याओं के समयबद्ध समाधान और सुशासन को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के निराकरण की नियमित समीक्षा की जा रही है। 23 जून 2026 की स्थिति में जिले में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 835 शिकायतें दर्ज हैं, जिनमें से 395 शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है, जबकि 440 शिकायतें विभिन्न स्तरों पर लंबित हैं। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में सर्वाधिक 183 शिकायतें दर्ज हुई हैं, जिनमें से 65 शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है। ऊर्जा विभाग में 141 शिकायतों में से 67 तथा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग में प्राप्त 128 शिकायतों में से 63 शिकायतों का निराकरण किया गया है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने 50 शिकायतों में से 40 शिकायतों का निराकरण कर उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। इसके अलावा कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा खनिज संसाधन विभाग द्वारा भी शिकायतों के निराकरण की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। वर्तमान में 324 शिकायतें ऐसी हैं जिनका निराकरण किया जा चुका है तथा संबंधित आवेदकों से फीडबैक प्राप्त किया जाना शेष है, जबकि 71 शिकायतों का पूर्ण रूप से निराकरण कर दिया गया है। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने सभी जिला विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करें तथा शिकायतकर्ताओं से सतत संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समाधान करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शासन और नागरिकों के बीच प्रभावी संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है, जिसके माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता, जवाबदेही और समयबद्धता के साथ निराकरण कर नागरिकों को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा सुशासन की अवधारणा को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।





