सिहावा में 65 विद्यार्थियों को मिला लर्निंग लाइसेंस, सड़क सुरक्षा का दिया संदेश
धमतरी/सिहावा l संकल्प अभियान के तहत विद्यार्थियों को परिवहन संबंधी सुविधाएं उनके महाविद्यालय में ही उपलब्ध कराने और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला परिवहन विभाग ने सिहावा के शासकीय शास्त्री महाविद्यालय में जागरूकता सह शिक्षार्थी लायसेंस शिविर लगाया। शिविर में करीब 65 छात्र-छात्राओं के लर्निंग ड्राइविंग लायसेंस बनाए गए। महाविद्यालय परिसर में ही प्रक्रिया पूरी होने से विद्यार्थियों को परिवहन कार्यालय जाने की जरूरत नहीं पड़ी।
शिविर के दौरान परिवहन विभाग के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वाहन चलाना केवल आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि स्वयं के साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी है।
हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों पर जोर
अधिकारियों ने दोपहिया वाहन चलाते समय मानक हेलमेट का सही तरीके से उपयोग करने और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने की समझाइश दी। विद्यार्थियों को यातायात संकेतों एवं सिग्नल का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, गलत दिशा में वाहन नहीं चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने के लिए जागरूक किया गया।
नशे की स्थिति में वाहन नहीं चलाने पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि नशे के कारण चालक की एकाग्रता, प्रतिक्रिया और निर्णय लेने की क्षमता प्रभावित होती है, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ सकता है। विद्यार्थियों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ परिवार और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।
महाविद्यालयों में ही मिल रही परिवहन सुविधा
परिवहन विभाग द्वारा विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले के विभिन्न महाविद्यालयों में ब्लॉकवार शिक्षार्थी लायसेंस शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। परिवहन सुविधा केन्द्रों के माध्यम से आवश्यक संसाधनों के साथ शिविर स्थल पर ही लायसेंस संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे विद्यार्थियों के समय और आवागमन की बचत हो रही है तथा उन्हें लायसेंस प्रक्रिया और सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी भी मिल रही है।
इन महाविद्यालयों में लगेंगे आगामी शिविर
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 25 सितंबर 2026 को शासकीय कन्या महाविद्यालय धमतरी, भोपाल राव पवार शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज धमतरी और पी.जी. कॉलेज धमतरी में शिक्षार्थी लायसेंस शिविर लगाए जाएंगे। इसके बाद 9 अक्टूबर 2026 को शासकीय महाविद्यालय भखारा तथा शासकीय गुरु घासीदास कॉलेज कुरूद में शिविर आयोजित होंगे।
शिविर में महाविद्यालय के प्राचार्य अश्वनी ध्रुव, जिला परिवहन अधिकारी भगत सहित परिवहन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, महाविद्यालय के प्राध्यापक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
अटल परिसर में जलाए गए ‘आशीर्वाद के दीये’
