Home news मसान डबरा में 76 पौधे रोपकर दिया हरियाली का संदेश, 34 कमार...

मसान डबरा में 76 पौधे रोपकर दिया हरियाली का संदेश, 34 कमार परिवारों के लिए विकसित कॉलोनी भी बनी मिसाल

मसान डबरा में हरियाली के साथ संवर रही कमार परिवारों की जिंदगी, 76 पौधों के रोपण से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

धमतरी। पर्यावरण संरक्षण, हरियाली संवर्धन और जरूरतमंद परिवारों के जीवन स्तर में सुधार के उद्देश्य से ग्राम पंचायत सांकरा के आश्रित ग्राम मसान डबरा में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा के मुख्य आतिथ्य तथा भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर 76 पौधे रोपे गए। इस दौरान प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, भाजपा नेताओं और पत्रकारों के नाम पर भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में पौधारोपण के साथ मसान डबरा में 34 कमार परिवारों के लिए विकसित की गई व्यवस्थित आवासीय कॉलोनी भी चर्चा का केंद्र रही

मसान डबरा में अरुण सार्वा और प्रकाश बैस की मौजूदगी में वृक्षारोपण कार्यक्रम
मसान डबरा में अरुण सार्वा और प्रकाश बैस की मौजूदगी में वृक्षारोपण कार्यक्रम

कार्यक्रम में पूर्व विधायक पिंकी शिवराज शाह, नगरी जनपद पंचायत अध्यक्ष महेश गोटा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष बालाराम साहू, जिला पंचायत की महिला एवं बाल विकास विभाग सभापति मोनिका देवांगन, भाजपा जिला महामंत्री महेंद्र पंडित, अजय नाहटा, नागेंद्र शुक्ला, मोहन नाहटा, गरिमा नेताम, अकबर कश्यप, धनेश्वरी साहू, अनिता ध्रुव, धमतरी जनपद अध्यक्ष अंगिरा ध्रुव, हृदय साहू, केशव साहू, राजेश गोसाई, विनय जैन, पवन गजपाल, अविनाश दुबे और रवि दुबे सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

विकसित भारत की सोच से प्रेरित होकर सेवा और पर्यावरण संरक्षण की पहल : अरुण सार्वा

मंचीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित एवं समृद्ध भारत के निर्माण के संकल्प से प्रेरणा लेकर अपने स्तर पर सेवा और विकास के कार्य किए जा रहे हैं। इसी सोच के तहत मसान डबरा में वृहद पौधारोपण के साथ 34 कमार परिवारों के लिए बेहतर आवासीय कॉलोनी विकसित करने का प्रयास किया गया है।

उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार के अनुरूप समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना आवश्यक है। जरूरतमंद परिवारों को बेहतर आवास और सुविधाएं उपलब्ध कराना इसी सोच का हिस्सा है। सार्वा ने लोगों से अपनी सामर्थ्य के अनुसार जरूरतमंद परिवारों के आवास एवं कॉलोनी निर्माण जैसे कार्यों में सहयोग देने की अपील भी की।

विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण भी जरूरी : प्रकाश बैस

भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान से प्रेरित होकर मसान डबरा में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। विकास जीवन की आवश्यकता है, लेकिन विकास के साथ पर्यावरण का संरक्षण भी उतना ही जरूरी है। पौधारोपण जैसे आयोजन समाज को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने मसान डबरा में कमार परिवारों के लिए विकसित की गई आवासीय कॉलोनी की सराहना करते हुए इसे सेवा और विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

कमार परिवारों की स्थिति देखकर बेहतर आवास उपलब्ध कराने की बनी सोच

कार्यक्रम के दौरान अरुण सार्वा ने बताया कि करीब दो वर्ष पहले वे न्योता भोज कार्यक्रम में शामिल होने मसान डबरा पहुंचे थे। उस दौरान कमार परिवारों की आवासीय स्थिति देखकर उन्हें बेहतर आवास उपलब्ध कराने की आवश्यकता महसूस हुई। कई परिवार कच्चे मकानों में रह रहे थे, जिनमें कहीं खपरैल थी तो कहीं छत की भी समुचित व्यवस्था नहीं थी। इसके बाद इन परिवारों के लिए बेहतर आवास और व्यवस्थित कॉलोनी विकसित करने की दिशा में प्रयास शुरू किए गए।

प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत कमार परिवारों को आवास निर्माण के लिए दो लाख रुपये की सहायता राशि तथा 90 दिनों की मजदूरी का प्रावधान मिला। इन आवासों को व्यवस्थित और सुविधायुक्त कॉलोनी का स्वरूप देने में अरुण सार्वा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

34 कमार परिवारों के लिए विकसित की गई सुविधायुक्त कॉलोनी

कॉलोनी निर्माण के दौरान अरुण सार्वा ने गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा कराने पर विशेष ध्यान दिया। शासन की योजना से प्राप्त सहायता के अतिरिक्त कॉलोनी को व्यवस्थित और सुविधायुक्त बनाने के लिए संसाधनों एवं सुविधाओं के विस्तार में भी उनका आर्थिक सहयोग रहा।

प्रत्येक कमार परिवार के लिए दो शयनकक्ष, एक हॉल और रसोई वाला दो शयनकक्षीय आवास बनाया गया है। कमार परिवारों में लकड़ी के चूल्हे पर खाना पकाने की परंपरा को ध्यान में रखते हुए घर के पीछे अलग से रसोई की व्यवस्था कराई गई, ताकि घर के अंदर धुएं और लकड़ी जलाने से होने वाली परेशानी को कम किया जा सके। इसके अलावा सामान रखने के लिए भंडारण कक्ष भी बनाया गया है।

कॉलोनी परिसर को सुरक्षित और व्यवस्थित रखने के लिए चारदीवारीयुक्त परिसर, प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग द्वार, उद्यान, सामुदायिक भवन और मंदिर जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। इस तरह आवास निर्माण के साथ परिवारों को बेहतर परिवेश उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।

परिवार की विचारधारा से जुड़ाव, लेकिन सक्रिय राजनीति में आने की नहीं थी इच्छा

अरुण सार्वा ने अपने राजनीतिक जीवन के संबंध में बताया कि उनके पिता और परिवार के सदस्य जनसंघ की विचारधारा से जुड़े रहे हैं। इसी कारण उनका झुकाव भी शुरू से भाजपा की विचारधारा की ओर रहा। हालांकि, सक्रिय राजनीति में आने की उनकी कोई पूर्व योजना या इच्छा नहीं थी। परिस्थितियां ऐसी बनीं कि आज वे जिला पंचायत अध्यक्ष के रूप में जनसेवा के कार्यों में अपनी भूमिका निभा रहे हैं।

कार्यक्रम में नागेंद्र बोर्झा, केशव टेकाम, नगिना सोम, शत्रुघ्न नाग, मोहन साहू, सुलोचना साहू, रूपेंद्र साहू, मोनू साहू, दिनेश्वरी नेताम, चंद्रकला साहू, प्रेमलता नागवंशी, चेलेश्वरी साहू, चित्रांश नागवंशी, श्यामंत बिसेन, रामगोपाल साहू, बबलू सेन, दीनदयाल सेन, ननकू दास मानिकपुरी, विकास जैन, सुनील यादव, सुनील सिंहसार, सुगन चंद्र साहू, शक्ति मरकाम, गिरवर भंडारी, रमेश साहू, बीआर साहू, जन्मेजय साहू, बलदाउ यादव, साहनुराम साहू, साधूराम साहू, पवन साहू, वेसित पटेल, केशव नाग, लौकुमार साहू, उमेश ध्रुव, बल्लू साहू, जनक साहू, मुंगेश ध्रुव और रेवत शांडिल्य सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत सीमा सोनकर को मिला भवन अनुज्ञा पत्र

Exit mobile version