अटल परिसर में सेवा संकल्प अभियान के तहत जलाए गए ‘आशीर्वाद के दीये’
महापौर रामू रोहरा सहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने दीये जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की
धमतरी l प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत अटल परिसर में ‘आशीर्वाद के दीये’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर निगम धमतरी के महापौर श्री जगदीश ‘रामू’ रोहरा सहित भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए दीप प्रज्वलित किए।
कार्यक्रम के दौरान अटल परिसर में बड़ी संख्या में दीये जलाए गए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना के साथ इस आयोजन में भाग लिया। ‘आशीर्वाद के दीये’ कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति शुभकामनाएं एवं मंगलकामनाएं व्यक्त की गईं।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्धता से जुड़ा रहा है। उनके जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक सेवा एवं जनकल्याण की भावना पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। ‘आशीर्वाद के दीये’ कार्यक्रम इसी भावना का प्रतीक है, जिसमें कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने सहभागी बनकर अपनी शुभकामनाएं प्रकट कीं।
उन्होंने कहा कि दीपक प्रकाश, सकारात्मकता और आशा का प्रतीक है। इसी भावना के साथ अटल परिसर में आशीर्वाद के दीये जलाकर देश की निरंतर प्रगति, जनकल्याण और समाज में सुख-समृद्धि की कामना की गई।
इस अवसर पर भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में समर्थक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं में उत्साह का वातावरण देखने को मिला और सभी ने सेवा एवं जनहित के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
