Home Latest सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए जिले में 13 से 18 जुलाई...

सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए जिले में 13 से 18 जुलाई तक HPV विशेष टीकाकरण सप्ताह

14 वर्ष की प्रत्येक पात्र बालिका को निःशुल्क लगाया जाएगा जीवनरक्षक HPV टीका, कलेक्टर ने अभिभावकों से की अपील – बेटियों के सुरक्षित भविष्य के लिए टीकाकरण अवश्य कराएं

धमतरी | सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर जैसी गंभीर एवं जानलेवा बीमारी से बालिकाओं को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से जिले में 13 से 18 जुलाई 2026 तक एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) विशेष टीकाकरण सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष अभियान के तहत जिले की 14 वर्ष आयु की सभी पात्र बालिकाओं को निःशुल्क HPV टीका लगाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं तथा टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य संस्थानों एवं विद्यालयों में विशेष व्यवस्था की गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि HPV संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण माना जाता है। समय पर लगाया गया HPV टीका इस कैंसर से बचाव का सुरक्षित, प्रभावी एवं वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित माध्यम है। टीकाकरण के माध्यम से भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है। इसलिए सभी पात्र बालिकाओं का समय पर टीकाकरण अत्यंत आवश्यक है। अभियान के दौरान जिले के सभी जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्रों सहित चिन्हित विद्यालयों एवं निर्धारित टीकाकरण सत्र स्थलों पर HPV टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी। स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा शिक्षा विभाग के समन्वय से अधिक से अधिक पात्र बालिकाओं तक पहुंच सुनिश्चित की जा रही है। कलेक्टर की अभिभावकों से अपील कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि “बेटियों का स्वस्थ भविष्य हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। HPV टीका सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षा प्रदान करने का एक सुरक्षित और प्रभावी उपाय है। मैं जिले के सभी अभिभावकों से आग्रह करता हूँ कि अपनी 14 वर्ष की प्रत्येक पात्र बेटी को इस विशेष अभियान के दौरान निःशुल्क HPV टीका अवश्य लगवाएं। किसी भी प्रकार की भ्रांति या अफवाह पर ध्यान न दें तथा स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञों की सलाह पर विश्वास रखें। आपका एक छोटा-सा निर्णय आपकी बेटी के जीवन को सुरक्षित और स्वस्थ बना सकता है।” उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों, स्वयंसेवी संगठनों तथा सामाजिक संस्थाओं से भी अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने और अधिक से अधिक पात्र बालिकाओं का टीकाकरण सुनिश्चित कराने में सक्रिय सहयोग करने की अपील की। कलेक्टर ने कहा कि “हमारा लक्ष्य है कि जिले की एक भी 14 वर्ष की पात्र बालिका HPV के जीवनरक्षक टीके से वंचित न रहे। आइए, हम सभी मिलकर अपनी बेटियों के स्वस्थ, सुरक्षित एवं कैंसर-मुक्त भविष्य के निर्माण में सहभागी बनें।”

Exit mobile version