
धमतरी | संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर आयोजित “समरसता संकल्प अभियान” के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी द्वारा निकाली गई भव्य कलश यात्रा का महापौर श्री रामू रोहरा ने आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने गुरु रविदास महाराज के समता, सद्भाव और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज का जीवन समाज को समानता, प्रेम, सेवा और सामाजिक समरसता का मार्ग दिखाने वाली अमूल्य प्रेरणा है। उन्होंने जाति-पांति, ऊँच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता को सर्वोपरि मानने का संदेश दिया, जो आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उनके विचार समाज में एकता, भाईचारे और आपसी सद्भाव को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
उन्होंने कहा कि “समरसता संकल्प अभियान” केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और संत गुरु रविदास महाराज के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम है। इस भव्य कलश यात्रा ने सामाजिक एकता, सांस्कृतिक गौरव और धार्मिक आस्था का अनुपम संदेश दिया।
महापौर ने सभी नागरिकों से गुरु रविदास महाराज के बताए मार्ग पर चलकर समरस, समतामूलक और सशक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।






