श्यामतराई में उपभोक्ता जागरूकता शिविर आयोजित, ग्रामीणों को बताए गए उनके अधिकार और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय

1

धमतरी | जिला उपभोक्ता आयोग धमतरी द्वारा ग्राम श्यामतराई में 12 मई को उपभोक्ता जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष श्री गोपाल रजन पाणिग्राही, सदस्य सुश्री रूपा शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को उपभोक्ता संरक्षण कानून तथा उपभोक्ताओं के विभिन्न अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी गई। आयोग के अध्यक्ष एवं सदस्य ने सुरक्षा का अधिकार, सूचना प्राप्त करने का अधिकार, चयन का अधिकार, सुनवाई का अधिकार, निवारण पाने का अधिकार एवं उपभोक्ता शिक्षा के अधिकार के बारे में सरल भाषा में समझाया। साथ ही ई-जागृति पोर्टल, ई-फाइलिंग और ई-हियरिंग जैसी ऑनलाइन सुविधाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को प्रदान की गई। कार्यक्रम में ग्रामीणों को खरीदारी करते समय वस्तुओं की एक्सपायरी डेट, गुणवत्ता और मूल्य की जांच करने तथा हमेशा पक्का बिल लेने की सलाह दी गई। इसके अलावा ऑनलाइन खरीदारी प्लेटफॉर्म जैसे अमेजॉन और फ्लिपकार्ट में उपयोग की जाने वाली भ्रामक डिजाइन तकनीकों के बारे में भी जानकारी दी गई, जिनके माध्यम से उपभोक्ताओं को अनावश्यक वस्तुएं या सेवाएं खरीदने के लिए प्रेरित किया जाता है। शिविर के दौरान ग्रामीणों ने फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से संबंधित कई प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा संतोषजनक समाधान किया गया। कार्यक्रम में ग्राम सरपंच प्रतिनिधि श्री खेमलाल साहू, उपसरपंच श्री धनजय साहू, सदस्य श्रीमती डोमेश्वरी साहू, पंच श्रीमती साधना साहू, श्री भगवती साहू, ग्रामीण अध्यक्ष श्री टीकाराम साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।