शहर के समग्र विकास को मिलेगी नई गति – नगर निगम आयुक्त अरुण कुमार वर्मा ने किया प्रातःकालीन निरीक्षण

4

कांटातालाब बनेगा आधुनिक चौपाटी, जलभराव व आवारा मवेशियों की समस्या के समाधान के दिए निर्देश

धमतरी | नगर पालिक निगम धमतरी द्वारा शहर को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित एवं नागरिक सुविधाओं से परिपूर्ण बनाने की दिशा में लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में नगर निगम आयुक्त अरुण कुमार वर्मा ने मंगलवार प्रातः निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम के साथ शहर के विभिन्न प्रमुख स्थलों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा शहर के सौंदर्यीकरण, जल निकासी, स्वच्छता, यातायात व्यवस्था एवं जनसुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण की शुरुआत कांटातालाब से की गई, जहां वर्तमान में चल रहे विकास कार्यों का सूक्ष्म अवलोकन किया गया। आयुक्त श्री वर्मा ने कार्यपालन अभियंता को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांटातालाब धमतरी शहर की एक महत्वपूर्ण धरोहर है और इसे आधुनिक स्वरूप प्रदान करते हुए एक आकर्षक पर्यटन एवं मनोरंजन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।

इस दौरान कांटातालाब को शहर के मुख्य मार्ग से बेहतर तरीके से जोड़ने की योजना पर भी चर्चा की गई। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए ऐसा विकास प्रस्ताव तैयार किया जाए, जिससे यहां एक वृहद एवं आधुनिक चौपाटी विकसित हो सके। इस चौपाटी में नागरिकों के भ्रमण, मनोरंजन, परिवारों के लिए बैठने की सुविधा, हरित क्षेत्र, प्रकाश व्यवस्था, सौंदर्यीकरण एवं अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं का समुचित विकास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना धमतरी की नई पहचान बनेगी और शहरवासियों को एक उत्कृष्ट सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराएगी।

इसके पश्चात आयुक्त ने जिला अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया। वर्षा ऋतु में अस्पताल के संपीपस्थ एरिया में होने वाले जलभराव को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल स्थायी समाधान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थल पर जलभराव किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। इसके लिए समुचित जल निकासी व्यवस्था विकसित की जाए ताकि मरीजों, उनके परिजनों एवं अस्पताल आने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल के समीप स्थित बैडमिंटन खेल मैदान का भी अवलोकन किया गया। मैदान में साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने कहा कि खेल मैदान युवाओं एवं खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण स्थान हैं, इसलिए यहां स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखना निगम की प्राथमिकता है।

इसके बाद आयुक्त श्री अरुण कुमार वर्मा गौरव पथ एवं विंध्यवासिनी मंदिर मार्ग पहुंचे। यहां सड़क पर विचरण कर रहे आवारा मवेशियों को देखकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विशेष अभियान चलाकर मवेशियों को पकड़ने एवं उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क पर घूमने वाले मवेशियों के कारण यातायात बाधित होता है तथा दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है। इसलिए इस अभियान को निरंतर एवं प्रभावी रूप से संचालित किया जाए ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात की सुविधा मिल सके।
विंध्यवासिनी मंदिर परिसर के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने मंदिर एवं आसपास के क्षेत्र में सर्वोच्च स्तर की स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि मां विंध्यवासिनी मंदिर धमतरी शहर की सांस्कृतिक, धार्मिक एवं आध्यात्मिक पहचान का प्रमुख केंद्र है, इसलिए इसके विकास एवं सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है। उन्होंने सहायक अभियंता को मंदिर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए विस्तृत मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए, जिसमें सौंदर्यीकरण, आकर्षक प्रवेश द्वार, प्रकाश व्यवस्था, हरित क्षेत्र, पार्किंग, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, यात्री सुविधाएं एवं अन्य आवश्यक विकास कार्यों को शामिल किया जाएगा, ताकि यह स्थल भविष्य में शहर के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित हो सके।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि शहर के प्रत्येक विकास कार्य में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, जल निकासी, यातायात सुधार एवं जनसुविधाओं के विस्तार के लिए निगम द्वारा चलाए जा रहे सभी अभियान लगातार जारी रहेंगे।

आयुक्त श्री अरुण कुमार वर्मा ने कहा कि “नगर पालिक निगम धमतरी शहर के सर्वांगीण विकास, नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा धमतरी को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित एवं आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। जनहित से जुड़े सभी विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाएगा, ताकि प्रत्येक नागरिक को इन योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।” प्रातः भ्रमण के दौरान उपायुक्त पीसी सार्वा व कार्यपालन अभियंता महेंद्र जगत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।