Home Latest “शतक” फिल्म के माध्यम से सामाजिक जागरूकता का संदेश, महापौर को प्रभात...

“शतक” फिल्म के माध्यम से सामाजिक जागरूकता का संदेश, महापौर को प्रभात शाखा में किया गया आमंत्रित

धमतरी। शहर के प्रबुद्धजन एवं मां जगत जननी रिसाई माता प्रभात शाखा के सदस्यों द्वारा कल सामूहिक रूप से प्रेरणादायी फिल्म “शतक” का अवलोकन किया गया। फिल्म में समाज, संस्कृति और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिस पर उपस्थित सदस्यों ने विस्तृत चर्चा करते हुए इसे जन-जागरूकता की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया। बैठक के दौरान सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि नगर निगम धमतरी के महापौर श्री रामू रोहरा जी को प्रभात शाखा में आमंत्रित कर उनसे आग्रह किया जाए कि वे अपने समस्त पार्षद साथियों के साथ फिल्म देखें तथा अपने-अपने वार्डों के प्रमुखों और नागरिकों को भी इसे देखने हेतु प्रेरित करें, ताकि सकारात्मक संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे। महापौर श्री रामू रोहरा जी ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए आज प्रातः 7 बजे आमातालाब के पास स्थित प्रभात शाखा में उपस्थित होने की सहमति प्रदान की है। इस अवसर पर सामाजिक विषयों पर सार्थक संवाद भी आयोजित किया जाएगा। समूह के सभी सदस्यों एवं समाजजनों से विनम्र अनुरोध है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस महत्वपूर्ण आयोजन को सफल बनाएं एवं सामाजिक जागरूकता के इस अभियान को मजबूती प्रदान करें।

Exit mobile version