
धमतरी | महिला एवं बाल विकास विभाग, शहरी धमतरी द्वारा विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर विंध्यवासिनी वार्ड स्थित सामुदायिक भवन में जागरूकता एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य माताओं एवं महिलाओं को शिशु के लिए स्तनपान के महत्व के प्रति जागरूक करना तथा नवजात शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिक निगम धमतरी के महापौर श्री जगदीश ‘रामू’ रोहरा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर रामू रोहरा ने कहा कि मां का दूध शिशु के लिए सर्वोत्तम एवं संपूर्ण आहार है। जन्म के तुरंत बाद शिशु को स्तनपान कराने से उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है और उसका शारीरिक एवं मानसिक विकास बेहतर तरीके से होता है। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वस्थ भविष्य के लिए माताओं को स्तनपान के महत्व की सही जानकारी देना और समाज में इसके प्रति सकारात्मक जागरूकता पैदा करना आवश्यक है।
महापौर ने कहा कि स्तनपान हर बच्चे का अधिकार है। मां का दूध बच्चे को आवश्यक पोषण देने के साथ-साथ उसे विभिन्न बीमारियों से बचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने माताओं से अपील की कि वे शिशु के जन्म के बाद शुरुआती छह माह तक केवल मां का दूध पिलाएं और स्तनपान को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रांति से बचें।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों एवं विभागीय कर्मचारियों द्वारा गर्भवती महिलाओं एवं माताओं को जन्म के एक घंटे के भीतर स्तनपान शुरू करने, छह माह तक केवल स्तनपान कराने, सही तरीके से स्तनपान कराने तथा शिशु एवं माता के स्वास्थ्य के लिए इसके लाभ की जानकारी दी गई। साथ ही माताओं को पोषण, स्वच्छता एवं शिशु की उचित देखभाल के संबंध में भी जागरूक किया गया।
इस अवसर पर सभापति कौशिल्या देवांगन,एमआईसी सदस्य विभा चंद्राकर, पार्षद नम्रता माला पवार, अनीता अग्रवाल, संतोष सोनकर, अज्जू देशलहरे, संजय देवांगन सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, गर्भवती महिलाएं एवं माताएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने स्तनपान को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाने और प्रत्येक शिशु तक मां के दूध का अधिकार पहुंचाने का संदेश दिया। आयोजन के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को मजबूत बनाने के साथ ही स्वस्थ एवं सुपोषित समाज के निर्माण का संकल्प लिया गया।






