धमतरी। धमतरी विधायक श्री ओंकार साहू ग्राम तेलीनसत्ती में विधायक निधि से निर्मित होने वाले सतनाम मंगल भवन के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामवासियों के साथ भवन निर्माण की इस महत्वपूर्ण पहल में सहभागिता निभाई। उन्होंने कहा कि सतनाम मंगल भवन समाज की आस्था, सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। विधायक श्री ओंकार साहू ने कहा कि परम पूज्य बाबा गुरु घासीदास जी ने सत्य, समानता, मानवता और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया है। उनके विचार आज भी समाज को सही दिशा दिखाते हैं। विधायक निधि से सतनाम मंगल भवन का निर्माण समाज की परंपराओं को सहेजने और सामाजिक एकता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह भवन सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों के लिए उपयोगी साबित होगा और आने वाली पीढ़ियों को बाबा गुरु घासीदास जी के विचारों से जोड़ने में सहायक बनेगा।
ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष मोहन जांगड़े ने कहा कि सतनामी समाज की पहचान बाबा गुरु घासीदास जी के सत्य, अहिंसा, समानता और मानवता के आदर्शों से है। सतनाम मंगल भवन समाज के लोगों को एक मंच पर लाने तथा सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह भवन समाज की एकता और आपसी भाईचारे को और मजबूत करेगा। जनपद सदस्य योगेश मार्कण्डे ने कहा कि विधायक श्री ओंकार साहू द्वारा क्षेत्र के विकास और जनहित में किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक भवनों का निर्माण सामाजिक आवश्यकताओं को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। सतनाम मंगल भवन बनने से ग्रामवासियों और समाज के लोगों को विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। विधायक श्री साहू की सक्रियता और विकास के प्रति प्रतिबद्धता से क्षेत्र में जनोपयोगी कार्यों को गति मिल रही है। ऐसे कार्यों से गांव में सामूहिक सहभागिता और सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिलता है।
सरपंच देवेन्द्र सिन्हा ने विधायक श्री ओंकार साहू के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विधायक निधि से ग्राम तेलीनसत्ती में सतनाम मंगल भवन का निर्माण ग्रामवासियों के लिए उपयोगी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि विधायक श्री साहू के सहयोग और सहभागिता से यह महत्वपूर्ण पहल संभव हुई है। इससे समाज के लोगों को विभिन्न आयोजनों के लिए एक व्यवस्थित स्थान मिलेगा। उन्होंने विधायक का धन्यवाद करते हुए आशा व्यक्त की कि यह भवन समाज की एकता, सहयोग और भाईचारे का केंद्र बनेगा। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामवासियों ने विधायक निधि से सतनाम मंगल भवन के निर्माण की पहल पर प्रसन्नता व्यक्त की। यह भवन भविष्य में सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों के साथ समाज की परंपराओं और मूल्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.







