धमतरी । जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा उन्हें निजी क्षेत्र की भर्ती प्रक्रिया से जोड़ने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, धमतरी द्वारा आज शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई), कुरूद में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित इस रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की छह प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। कंपनियों द्वारा विभिन्न पदों पर कुल 187 रिक्तियों के लिए भर्ती प्रक्रिया संपन्न की गई।
रोजगार मेले के प्रति युवाओं में उत्साह देखने को मिला। इसमें कुल 450 युवाओं ने ऑनलाइन पंजीयन कराया, जिनमें से 70 अभ्यर्थियों ने उपस्थित होकर चयन प्रक्रिया में भाग लिया। कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, तकनीकी दक्षता, कौशल एवं अनुभव के आधार पर साक्षात्कार और मूल्यांकन किया गया। चयन प्रक्रिया के दौरान 59 अभ्यर्थियों का प्रारंभिक चयन किया गया, जबकि 55 अभ्यर्थियों का अंतिम रूप से चयन किया गया। इस प्रकार रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में सार्थक पहल की गई।
रोजगार मेले के साथ ही आयोजित व्यावसायिक मार्गदर्शन कार्यक्रम में युवाओं को रोजगार के बदलते स्वरूप, कौशल विकास, उच्च शिक्षा तथा निजी एवं शासकीय क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार की संभावनाओं के संबंध में जानकारी दी गई। अभ्यर्थियों को अपनी शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप व्यावसायिक दक्षता विकसित करने और उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर प्रभारी जिला रोजगार अधिकारी डॉ. (श्रीमती) शशी अतुलकर ने कहा कि रोजगार मेले शिक्षित बेरोजगार युवाओं और नियोजक संस्थानों के बीच सीधा संपर्क स्थापित करने का प्रभावी माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि जिले के अधिकाधिक युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ा जाए, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर अपने भविष्य को नई दिशा दे सकें।
डॉ. अतुलकर ने आईटीआई के आईटी, कोपा, फिटर एवं सोलर ट्रेड के प्रशिक्षणार्थियों को उच्च शिक्षा के विभिन्न अवसरों तथा आगामी रोजगार मेलों के संबंध में भी जानकारी दी। साथ ही विभिन्न निजी कंपनियों में उपलब्ध रोजगार की संभावनाओं और शासकीय सेवाओं की भर्ती प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से मार्गदर्शन प्रदान किया।कार्यक्रम में संस्था के प्लेसमेंट अधिकारी श्री सुरेन्द्र देवांगन सहित संस्था के प्रशिक्षार्थी एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
